
कानून व्यवस्था सुचारु करने, नशाखोरी व देह व्यापार पर रोक लगाने की उठाई मांग
फगवाड़ा। फगवाड़ा के गणमान्यों का एक प्रतिनिधिमंडल आज अंबेडकर सेना पंजाब के प्रधान सुरिंदर ढंडा के नेतृत्व में एस.पी. माधवी शर्मा से मिला और शहर की कानून व्यवस्था से संबंधित विभिन्न समस्याओं की ओर उनका ध्यान आकर्षित करते हुए समय रहते उचित कदम उठाने की अपील की। इस मुलाकात के बाद बातचीत करते हुए प्रधान सुरिंदर ढंडा के अलावा सुखविंदर सिंह शेरगिल तथा इंजीनियर प्रदीप मल्ल ने कहा कि शहरवासियों के प्रति एस.पी. माधवी शर्मा का व्यवहार बिल्कुल भी विनम्र नहीं बल्कि अत्यंत लापरवाहीपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि वरिष्ठ अधिकारी ही लोगों के साथ उचित व्यवहार नहीं करेंगे तो छोटे कर्मचारियों से आखिर आम जनता क्या उम्मीद कर सकती है। उन्होंने बताया कि एस.पी. को शहर में लंबे समय से बनी हुई कानून व्यवस्था की समस्याओं से अवगत करवाया गया। इनमें मुख्य रूप से नशाखोरी, चोरी की घटनाएं, सरेआम गुंडागर्दी तथा एक विश्वविद्यालय के आसपास रात के समय खुलेआम चल रहे देह व्यापार का मुद्दा शामिल था। इसके अलावा मोहल्ला कौलसर में दो गुटों की आपसी रंजिश के कारण पार्क में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचने की आशंका के बारे में भी एस.पी. को जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने माता चिंतपूर्णी चौक (शुगर मिल चौक) की क्रॉसिंग बंद किए जाने से राहगीरों को हो रही परेशानियों तथा विशेष रूप से नकोदर की तरफ से आने वाले यातायात, सतनामपुरा, भगतपुरा, हदियाबाद एवं आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को हो रही भारी दिक्कतों की ओर भी एस.पी. का ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि एस.पी. के व्यवहार से ऐसा महसूस हुआ कि वह शहर की समस्याओं तथा जनता की सुरक्षा के प्रति बिल्कुल गंभीर नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ कोई छेड़छाड़ या नुकसान पहुंचाने का प्रयास हुआ, शुगर मिल चौक पर क्रॉसिंग बंद होने के कारण कोई हादसा हुआ अथवा विश्वविद्यालय के आसपास चल रहे देह व्यापार पर रोक नहीं लगाई गई तो समान विचारधारा वाले संगठनों द्वारा तीव्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी एस.पी. माधवी शर्मा तथा पुलिस प्रशासन की होगी। इस अवसर पर पुष्पिंदर कौर, परमिंदर बोध, राम मूर्ति खेड़ा, अरुण शर्मा, मनोज कुमार, मनदीप सोनू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
