जापान में होने वाली ए.पी.सी.सी. कन्वेंशन में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा फगवाड़ा का मौर्य सहदेव

37 एशियाई देशों में से भारत के 6 बाल प्रतिनिधियों में होगा शामिल : गौरव सहदेव

मौर्य सहदेव की उपलब्धि के संबंध में जानकारी देते हुए गौरव सहदेव एवं ज्योति सहदेव।

फगवाड़ा। फगवाड़ा तथा समूचे पंजाब के लिए गर्व का विषय है कि कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, फगवाड़ा के होनहार छात्र मास्टर मौर्य साहदेव का चयन प्रतिष्ठित एशिया पैसिफिक चिल्ड्रन्स कन्वेंशन (ए.पी.सी.सी.-2026) के लिए भारत के आधिकारिक छात्र प्रतिनिधि के रूप में हुआ है। इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए मौर्य सहदेव के माता-पिता एवं गिल्ट्ज ज्वेल्स के मालिक जे.सी. ज्योति सहदेव तथा जे.सी. गौरव सहदेव ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन 11 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक जापान के फुकुओका शहर में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि ब्रिज क्लब, जापान द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न देशों के बच्चों के बीच आपसी भाईचारा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, विश्व शांति तथा स्थायी मित्रता की भावना को मजबूत करना है। इस वर्ष इस कन्वेंशन में एशिया के 37 देशों के बाल प्रतिनिधि भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि जे.सी.आई. इंडिया द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया अत्यंत कठिन एवं प्रतिस्पर्धात्मक होती है, क्योंकि प्रत्येक देश को 11 से 12 वर्ष आयु वर्ग के केवल 4 से 6 बच्चों को ही भेजने की अनुमति होती है। इस दौरान लघु उद्योग भारती के शाखा प्रधान एवं प्रसिद्ध उद्योगपति इंद्र पाल खुराना ने गौरव सहदेव एवं ज्योति सहदेव को बधाई देते हुए कहा कि मौर्य सहदेव का भारत के छह आधिकारिक प्रतिनिधियों में शामिल होना उसकी विलक्षण योग्यता, प्रतिभा एवं क्षमता का प्रमाण है। जे.सी.आई. फगवाड़ा ईव्स की प्रधान तथा समस्त सदस्यों ने भी मौर्य सहदेव एवं सहदेव परिवार को इस शानदार उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मौर्य की यह उपलब्धि केवल उसके परिवार और स्कूल के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे जे.सी.आई. परिवार, व्यापारिक समुदाय तथा फगवाड़ा शहर के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मौर्य सहदेव जापान में भारत का शानदार प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने देश, पंजाब तथा फगवाड़ा शहर का नाम रोशन करेगा और यह अनुभव उसके जीवन के लिए अविस्मरणीय सिद्ध होगा।

Scroll to Top