नेत्रदानी परिवारों का सम्मान, फगवाड़ा में आई बैंक व कॉर्नियल ट्रांसप्लांट सेंटर की पहल का ऐलान
फगवाड़ा। नेत्रदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत के बीच डॉ. राजन आई केयर अस्पताल, फगवाड़ा में 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान जागरूकता पखवाड़े का समापन किया गया। इस अवसर पर नेत्रदान करने वाले परिवारों को सम्मानित किया गया। समारोह में सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने नेत्रदानी परिवारों की सेवा को नमन करते हुए कहा कि नेत्रदान महादान है, क्योंकि एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो नेत्रहीन व्यक्तियों के जीवन में रोशनी आने का रास्ता खुल सकता है। उन्होंने डॉ. राजन आई केयर अस्पताल में आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांट सेंटर स्थापित करने के लिए आवश्यक सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उनका कहना था कि यह सुविधा शुरू होने से फगवाड़ा तथा आसपास के क्षेत्रों में कॉर्निया संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को लाभ मिल सकता है।
एक लाख से अधिक लोगों ने भरे प्रण-पत्र
मिशन ‘अंधेरे से उजाले की ओर’ के अंतरराष्ट्रीय समन्वयक अशोक मेहरा ने कहा कि फगवाड़ा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान देता आ रहा है। नेत्रदान की मुहिम को पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए लगातार जागरूकता प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने सेवा समन्वयकों के सहयोग से पंजाब में अब तक एक लाख से अधिक लोगों के नेत्रदान संबंधी प्रण-पत्र भरवाए हैं और हजारों लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया गया है। अशोक मेहरा के अनुसार, भारत में आज भी करीब 11 लाख कॉर्निया संबंधी रोगों से पीड़ित मरीज उपचार की प्रतीक्षा कर रहे हैं और दान किए गए नेत्रों से मिलने वाले कॉर्निया के माध्यम से उनका उपचार संभव हो सकता है। उन्होंने कहा कि डॉ. राजन के नेतृत्व में फगवाड़ा में पहला आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांट सेंटर स्थापित करने के लिए जल्द मुहिम शुरू की जाएगी।
जरूरतमंद मरीजों के लिए नई सुविधा की तैयारी
अस्पताल के एम.डी. डॉ. एस. राजन ने बताया कि एन.आर.आई. समुदाय तथा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से अस्पताल की ओर से अब तक सैकड़ों नेत्र जांच शिविर लगाए गए हैं और हजारों जरूरतमंद मरीजों के नि:शुल्क ऑपरेशन किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में आई बैंक स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं और दान में प्राप्त नेत्रों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए कॉर्नियल ट्रांसप्लांट उपचार शुरू करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत में नेत्रदान के प्रति जागरूकता की अभी भी काफी आवश्यकता है और अस्पताल पिछले कई वर्षों से सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित कर रहा है।
छात्राओं ने पोस्टर के जरिए दिया नेत्रदान का संदेश
नेत्रदान जागरूकता पखवाड़े के दौरान डॉ. राजन आई केयर अस्पताल की ओर से अशोक मेहरा के नेतृत्व में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लड़कियां, फगवाड़ा में ‘नेत्रदान—महादान’ विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को ट्रॉफियां एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। हिना ने प्रथम पुरस्कार के रूप में 3,000 रुपये, पलक ने द्वितीय पुरस्कार के रूप में 2,000 रुपये, जबकि प्रिया कुमारी एवं मन्नत ने संयुक्त रूप से तृतीय पुरस्कार के रूप में 1,000 रुपये प्राप्त किए। प्रसिद्ध समाजसेवी एवं ब्लड बैंक के अध्यक्ष मलकीयत सिंह रघबोत्रा ने नेत्रदानी परिवारों का धन्यवाद करते हुए लोगों से नेत्रदान का प्रण लेने की अपील की।
समारोह में मेयर राम पाल उप्पल, डॉ. सीमा राजन, डॉ. अनीता, नेत्रदानी परिवारों के सदस्य रमन नेहरा, अनुराग मानखंड, चेयरमैन मार्केट कमेटी फगवाड़ा, परमजीत सिंह बसरा, नेत्रदान एवं ब्लड सेवा गोराया के समन्वयक हैप्पी माही, नेत्रदान समन्वयक राहुल बंगा, जसविंदर सिंह ठेकेदार, बलविंदर हीरा, कमल मेहरा तथा नेत्रदानी परिवारों के सदस्य अनिल कुमार गुप्ता, मनु दुग्गल, राजेश, नवदीप सिंह, संजीव कुमार अरोड़ा, नितिन कनौजिया, वी.पी. सिंह अरोड़ा एवं जसविंदर सिंह आदि उपस्थित थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

