फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
फगवाड़ा में चोरी की वारदात का शिकार बना प्राचीन शिव मन्दिर बाबा गद्दिया।

फगवाड़ा — फगवाड़ा के बाबा गद्दिया क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की वारदातों ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले दो दिनों में चोरों ने क्षेत्र के दो धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया है। पहले श्री शीतला माता मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई और अब दशहरा ग्राउंड के बगल में स्थित प्राचीन शिव मंदिर के गर्भगृह को निशाना बनाते हुए चोर चढ़ावे वाला गल्ला चोरी कर फरार हो गए।

मन्दिर के गर्भगृह के दरवाजे फाड़ी गई जाली दिखाते हुए मन्दिर के सेवादार।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात अज्ञात चोरों ने प्राचीन शिव मंदिर के गर्भगृह के दरवाजे की रोशनदान वाली जाली फाड़ दी। इसके बाद अंदर लगी चिटकनी खोलकर मंदिर में दाखिल हुए और वहां रखा चढ़ावे वाला गल्ला लेकर फरार हो गए। वारदात का पता चलने के बाद क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में रोष पैदा हो गया। शिव सेना पंजाब के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष इन्द्रजीत करवल ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा गद्दिया क्षेत्र में चोरी और छीना-झपटी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जब लोगों की आस्था के केंद्र मंदिर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं तो इससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ना स्वाभाविक है।

गौरतलब है कि प्राचीन शिव मंदिर से कुछ ही दूरी पर स्थित श्री शीतला माता मंदिर और उसके आसपास की दुकानों को भी इससे एक दिन पहले चोरों ने निशाना बनाया था। वहां लगे एयर कंडीशनरों से कीमती तांबा चोरी किए जाने की बात सामने आई थी। इतना ही नहीं, कुछ दिन पहले इसी बाबा गद्दिया क्षेत्र में स्थित मोहल्ला क्लीनिक में भी चोरी की वारदात हो चुकी है। एक ही क्षेत्र में लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अब यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं कि वे बार-बार एक ही इलाके को निशाना बना रहे हैं? क्या क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर्याप्त है या फिर चोरों को कानून का कोई भय नहीं रहा?

शिव सेना नेता इन्द्रजीत करवल ने फगवाड़ा की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि बाबा गद्दिया क्षेत्र में चोरी, छीना-झपटी से लेकर हत्या तक की घटनाएं सामने आने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस कदम दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने रोष भरे लहजे में कहा कि अब तक लोग भगवान भरोसे जीवन गुजार रहे थे, लेकिन अब स्थिति यह है कि चोरों को भगवान का भी खौफ नहीं रहा। लोगों की आस्था के केंद्र मंदिर भी चोरों के निशाने पर आ चुके हैं।

बातचीत करते हुए शिव सेना नेता इन्द्रजीत करवल के साथ मन्दिर के श्रद्धालु और क्षेत्र निवासी।

रोष से भरे क्षेत्रवासियों ने पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि मंदिरों में चोरी जैसी घटनाओं को नशे की लत के शिकार लोग अपनी लत पूरी करने के लिए अंजाम दे सकते हैं। हालांकि, इन वारदातों के पीछे कौन लोग हैं और उनका उद्देश्य क्या था, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच में अहम भूमिका निभा सकती है। लगातार हो रही वारदातों के बीच क्षेत्रवासी राजिन्द्र करवल, ओंकार नाथ सोनी, विवेक कक्कड़, मनोज शर्मा, सतनाम सिंह राणा, योगेश वर्मा, सरबजीत वालिया और राहुल करवल ने मांग की है कि पुलिस बाबा गद्दिया क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाए, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करे तथा मंदिरों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाए। घटना से आहत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली ऐसी घटनाओं पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि कोई असामाजिक तत्व ऐसी वारदात को अंजाम देते हुए जनता के हाथ लग गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है। वहीं इन्द्रजीत करवल ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों में बढ़ रहे भय और रोष को दूर किया जा सके।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed