फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
फगवाड़ा में प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए ब्लॉक कांग्रेस प्रधान नरेश भारद्वाज और अन्य।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता ने पत्रकारों से दुर्व्यवहार, अंबेडकर प्रतिमाओं की बेअदबी और LPU घटनाक्रम पर उठाए सवाल

फगवाड़ा। ब्लॉक कांग्रेस फगवाड़ा (शहरी) प्रधान नरेश भारद्वाज ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तीन अहम मुद्दों को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने फगवाड़ा नगर निगम की हाउस मीटिंग के दौरान पत्रकारों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार, पंजाब में डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमाओं के साथ बेअदबी की घटनाओं तथा लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बीती रात हुए छात्र प्रदर्शन से जुड़े कथित दुष्कर्म मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की।

प्रेस की आजादी पर उठाई आवाज

नरेश भारद्वाज ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और निष्पक्षता के लिए प्रेस की आजादी बेहद जरूरी है। मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उन्होंने कहा कि जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने तथा सरकार की नीतियों और कामकाज पर नजर रखने में प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की आवाज को दबाने या उनके काम में किसी भी तरह की बाधा पैदा करने से आम लोगों तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचने में रुकावट पैदा होती है। उन्होंने फगवाड़ा नगर निगम की हाउस मीटिंग के दौरान पत्रकारों के साथ हुए कथित व्यवहार को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पत्रकार भाईचारे के साथ एकजुटता व्यक्त की। भारद्वाज ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछने और असहमति व्यक्त करने की जगह होनी चाहिए तथा पत्रकारों को स्वतंत्र एवं निर्भय वातावरण में अपना काम करने का अवसर मिलना चाहिए।

अंबेडकर प्रतिमाओं की बेअदबी पर सख्त कार्रवाई की मांग

डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के साथ कथित तोड़फोड़ और बेअदबी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए नरेश भारद्वाज ने कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद दुखद हैं और सामाजिक भाईचारे के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश को समानता, आजादी और भाईचारे के सिद्धांतों पर आधारित संविधान दिया। ऐसे में उनकी प्रतिमा या तस्वीर के साथ बेअदबी की घटना केवल किसी महान शख्सियत के अपमान का मामला नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भी गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएं।

LPU मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बीती रात सामने आए कथित दुष्कर्म के मामले और इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा किए गए प्रदर्शन को लेकर नरेश भारद्वाज ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सबसे अहम मुद्दा है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि LPU से जुड़े मामले में सामने आ रहे आरोपों की सच्चाई जांच के माध्यम से सामने आनी चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय से जुड़ी पुरानी घटनाओं और लगाए जाते रहे आरोपों की भी जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या गलती सामने आती है तो जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

LPU घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक सवाल भी उठाए

ब्लॉक कांग्रेस प्रधान ने इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन से जुड़े एक उच्च अधिकारी के पहले आम आदमी पार्टी से संबंधित रहने और बाद में भाजपा से जुड़ने के संदर्भ में भी राजनीतिक सवाल उठ रहे हैं। भारद्वाज ने कहा कि यदि पहले किसी मामले को लेकर चुप्पी रही और बाद में राजनीतिक परिस्थितियां बदलने के बाद वही मुद्दे चर्चा में आते हैं तो इसकी भी स्पष्टता होनी चाहिए। हालांकि उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य और सुरक्षा के मामले को किसी भी राजनीतिक हित से ऊपर रखा जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि LPU से संबंधित ताजा मामले की गहराई से और निष्पक्ष जांच करवाई जाए। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच के दौरान यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही या कानून के उल्लंघन की बात सामने आती है तो उसकी भी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। इस अवसर पर जिला यूथ कांग्रेस के प्रधान अगम पराशर, पूर्व ब्लॉक प्रधान संजीव बुग्गा कौंसलर, गुरजीत पाल वालिया पंजाब डेलीगेट, जगजीत सिंह बिट्टू, तरनजीत सिंह बंटी वालिया कौंसलर, वरिष्ठ नेता विनोद वरमानी, मनीष प्रभाकर, मुकेश भाटिया, धीरज कुमार, संजीव शर्मा टीटू, डॉ. रमन शर्मा, सौरव जोशी, बलवंत सिंह, सैफी चड्ढा, अविनाश गुप्ता, अमरिंदर सिंह तथा पी.ए. टू एमएलए धालीवाल सहित अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित थे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *