फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
फगवाड़ा में रोष प्रदर्शन करते हुए बहुजन समाज से संबंधित जत्थेबंदियों के नेता।

फगवाड़ा। लुधियाना में भारतीय संविधान निर्माता बाबा साहिब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से की गई बेअदबी की घटना के विरोध में आज फगवाड़ा की समस्त बहुजन समाज से संबंधित जत्थेबंदियों द्वारा संयुक्त रूप से रोष मार्च निकाला गया। इस रोष मार्च में अंबेडकर सेना मूलनिवासी, गुरु रविदास टाइगर फोर्स, भगवान वाल्मीकि एक्शन कमेटी, युवा विकास मोर्चा, गुरु रविदास सभा अर्बन एस्टेट सहित अन्य संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

भगवंत मान सरकार का पुतला फूंककर नारेबाजी किए जाने का दृश्य।

रोष मार्च डॉ. अंबेडकर पार्क, गुरु हरगोबिंद नगर, फगवाड़ा से शुरू होकर शहर के विभिन्न बाजारों से होता हुआ पेपर चौक, जी.टी. रोड पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंका। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में विभिन्न तख्तियां थीं, जिन पर आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ नारे लिखे हुए थे। अंबेडकर सेना मूलनिवासी के पंजाब अध्यक्ष हरभजन सुमन तथा अन्य वक्ताओं ने कहा कि लुधियाना में बाबा साहिब डॉ. अंबेडकर जी की प्रतिमा से हुई बेअदबी की घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद यदि आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं तो यह बेहद गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि घटना के जिम्मेदार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

हरभजन सुमन ने कहा कि बाबा साहिब डॉ. अंबेडकर जी ने देश के संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनसे संबंधित किसी भी प्रकार की बेअदबी को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि पंजाब सहित जहां-जहां भी बाबा साहिब डॉ. अंबेडकर जी की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। उन्होंने मांग की कि इन स्थानों पर सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जाएं, पर्याप्त रोशनी का प्रबंध किया जाए तथा प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए अन्य सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी मांग की कि हर उस शहर में जहां बाबा साहिब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है, वहां उनके नाम पर पुस्तकालय बनाए जाएं, ताकि युवा पीढ़ी बाबा साहिब के जीवन, संघर्ष और विचारधारा के बारे में जानकारी हासिल कर सके। इसके अलावा पंजाब के स्कूलों के पाठ्यक्रम में डॉ. अंबेडकर की जीवनी और देश के लिए उनके योगदान को शामिल करने की मांग भी की गई। नेताओं ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को बाबा साहिब डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और देश के लिए किए गए योगदान के बारे में जागरूक करना जरूरी है, ताकि युवा पीढ़ी उनके विचारों और मिशन से प्रेरणा ले सके तथा उनके प्रति सम्मान की भावना और मजबूत हो। इस अवसर पर अंबेडकर सेना मूलनिवासी दोआबा के अध्यक्ष बलविंदर बोध, देहाती अध्यक्ष मनजीत मान, युवा विकास मोर्चा के अध्यक्ष अनु सहोता, वाल्मीकि एक्शन कमेटी के अध्यक्ष धर्मवीर सेठी, गुरु रविदास टाइगर फोर्स के चेयरमैन यश बरना, गुरु रविदास सभा अर्बन एस्टेट से घनश्याम, अशोक खोथड़ा, पीटर पलाही सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *