चुनाव मैनिफेस्टो कमेटी के साथ 25 सितंबर को चंडीगढ़ में होगी बैठक, एस.सी. समुदाय से जुड़े मुद्दों पर होगा विचार-विमर्श
फगवाड़ा — शिरोमणि अकाली दल की ओर से आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चुनावी मैनिफेस्टो तैयार करने की प्रक्रिया के तहत एस.सी. समुदाय से जुड़े प्रमुख मुद्दों और सुझावों पर विचार-विमर्श के लिए गठित 31 सदस्यीय डेलीगेशन कमेटी में फगवाड़ा से पार्टी के एस.सी. विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष बलजिन्द्र सिंह ठेकेदार को सदस्य नामित किया गया है। नवनियुक्त डेलीगेशन कमेटी सदस्य बलजिन्द्र सिंह ठेकेदार ने बताया कि पार्टी की ओर से गठित चुनाव मैनिफेस्टो कमेटी के साथ 25 सितंबर को पार्टी के मुख्य कार्यालय चंडीगढ़ में बैठक बुलाई गई है। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों के दौरान पार्टी के प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के साथ-साथ एस.सी. समुदाय से जुड़े प्रमुख चुनावी मुद्दों और समुदाय की बेहतरी के लिए सुझाव लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 31 सदस्यीय डेलीगेशन कमेटी में शिरोमणि अकाली दल एस.सी. विंग के अध्यक्ष गुलजार सिंह रणीके, पूर्व मंत्री सोहन सिंह ठंडल और पूर्व विधायक बलदेव सिंह खैहरा सहित विभिन्न विधानसभा हलकों से चुनाव लड़ चुके पार्टी नेताओं को शामिल किया गया है। बलजिन्द्र सिंह ठेकेदार ने डेलीगेशन कमेटी में शामिल करने के लिए पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, एस.सी. विंग के अध्यक्ष गुलजार सिंह रणीके तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री दलजीत सिंह चीमा का विशेष तौर पर आभार व्यक्त किया।
एस.सी. समुदाय के मुद्दों को मैनिफेस्टो में शामिल करवाने पर जोर
ठेकेदार बलजिन्द्र सिंह के डेलीगेशन कमेटी में चयन का स्वागत करते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अवतार सिंह भुंगरनी ने कहा कि बलजिन्द्र सिंह फगवाड़ा विधानसभा हलके के प्रमुख अकाली नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि एस.सी. समुदाय के साथ उनकी अच्छी सांझ है और नगर पार्षद के तौर पर भी उन्होंने अपनी योग्यता साबित की है। उन्होंने कहा कि बलजिन्द्र सिंह के अच्छे व्यक्तित्व एवं छवि के चलते उनकी धर्मपत्नी भी वर्तमान में वार्ड पार्षद के तौर पर अपने वार्डवासियों की सेवा कर रही हैं। अवतार सिंह भुंगरनी ने भरोसा जताया कि 25 सितंबर को चुनाव मैनिफेस्टो कमेटी के साथ होने वाली बैठक में बलजिन्द्र सिंह ठेकेदार एस.सी. समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे तथा उन्हें पार्टी के चुनावी मैनिफेस्टो में शामिल करवाने के लिए अपने सुझाव रखेंगे।
बलजिन्द्र सिंह ठेकेदार, शिरोमणि अकाली दल, अकाली दल, एस.सी. विंग, डेलीगेशन कमेटी, 31 सदस्यीय कमेटी, चुनाव मैनिफेस्टो, गुलजार सिंह रणीके, सुखबीर सिंह बादल, दलजीत सिंह चीमा, अवतार सिंह भुंगरनी, फगवाड़ा, चंडीगढ़, पंजाब विधानसभा चुनाव, एस.सी. समुदाय
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
