श्री विश्वकर्मा धीमान सभा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया विश्वकर्मा पूजा दिवस
फगवाड़ा — श्री विश्वकर्मा धीमान सभा फगवाड़ा की ओर से श्री विश्वकर्मा पूजा दिवस शिरोमणि श्री विश्वकर्मा मंदिर, बंगा रोड में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के प्रधान प्रदीप धीमान और सभा के सदस्यों की ओर से सुबह 9 बजे हवन यज्ञ करवाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री विश्वकर्मा जी के समक्ष नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
संस्थापक पंडित नत्थू राम धीमान को भी किया नमन
समागम के दौरान सभा के सदस्यों ने मंदिर के संस्थापक पंडित नत्थू राम धीमान की प्रतिमा पर फूलमालाएं अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्य अतिथि के तौर पर भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता राज नारायण यादव उपस्थित हुए। इस दौरान भगवान श्री विश्वकर्मा जी की महिमा का गुणगान करते हुए भजन प्रस्तुत किए गए, जिनसे मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।
मेहनत और सृजन के साथ समाज सेवा का संदेश
सभा के प्रधान प्रदीप धीमान ने समूह सदस्यों और श्रद्धालुओं को श्री विश्वकर्मा पूजा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री विश्वकर्मा जी की शिक्षाएं मनुष्य को मेहनत, सृजनात्मकता, ईमानदारी और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना जरूरी है। भगवान विश्वकर्मा जी द्वारा दिखाया गया मेहनत, सृजन और सेवा का मार्ग मानव कल्याण की भावना को मजबूत करता है।
समागम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर वितरित किया गया।
इस अवसर पर सभा के संरक्षक जसपाल सिंह लाल, विजय धीमान, सुरिंदर पाल धीमान, गुरनाम सिंह जूतला, प्रशांत धीमान, प्रेमदीप चग्गर, अशोक धीमान, रविंदर सिंह पनेसर, सुखदेव सिंह चग्गर, अमोलक सिंह झीता, सुखविंदर सिंह कुंदी, मनोज पुंज, शुभम पुंज, विशाल भोगल, रीतप्रीत पाल सिंह, जतिन रूपराए, कंचन शर्मा, बलविंदर सिंह रतन के अलावा सभा के अन्य सदस्य और श्रद्धालु मौजूद रहे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
