फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
तस्वीर : सर्व नौजवान सभा की ओर से आयोजित खेल समारोह की तस्वीरें।

एस.एन.एस. क्रिकेट अकादमी ने युवाओं को दिया खेल प्रतिभा निखारने का मंच

फगवाड़ा— युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी क्रिकेट प्रतिभा को बेहतर मंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सर्व नौजवान सभा (रजि.) फगवाड़ा की ओर से टी.डब्ल्यू.ई.आई. स्कूल की ग्राउंड में संचालित एस.एन.एस. क्रिकेट अकादमी में विशेष खेल समारोह करवाया गया। सभा के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह की देखरेख में आयोजित इस समारोह में लोकसभा सदस्य एवं आम आदमी पार्टी के फगवाड़ा हलका इंचार्ज डॉ. राज कुमार चब्बेवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह की खास बात यह रही कि डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने खिलाड़ियों को केवल संबोधित कर उनका उत्साह नहीं बढ़ाया, बल्कि स्वयं क्रिकेट मैदान में उतरकर खिलाड़ियों के साथ खेल में हिस्सा लिया। इस दौरान डॉ. चब्बेवाल टीम और वकीलों की टीम के बीच 5-5 ओवर का क्रिकेट मुकाबला करवाया गया। मैदान में डॉ. चब्बेवाल की सक्रिय भागीदारी से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इसके अलावा अंडर-19 खिलाड़ियों के बीच भी क्रिकेट मुकाबला करवाया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समारोह के दौरान एस.एन.एस. क्रिकेट अकादमी की ओर से अकादमी को डी.सी.ए. (जिला क्रिकेट एसोसिएशन) कपूरथला से एफीलिएट करवाने संबंधी डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को ज्ञापन सौंपा गया। अकादमी प्रबंधकों ने कहा कि डी.सी.ए. से एफीलिएशन होने के बाद खिलाड़ियों के लिए जिला स्तर के मुकाबलों सहित आगे बढ़ने के अधिक आधिकारिक अवसर पैदा हो सकते हैं और उन्हें उच्च स्तर की क्रिकेट तक पहुंचने का बेहतर रास्ता मिल सकता है।

खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने एस.एन.एस. क्रिकेट अकादमी की ओर से युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के प्रयास को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक तंदुरुस्ती का साधन नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व के गुण भी पैदा करते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल के प्रति ईमानदारी और निरंतर मेहनत है। यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन, मेहनत करने का अवसर और उचित प्लेटफॉर्म मिले तो वे अपने क्षेत्र और पंजाब का नाम रोशन कर सकते हैं।

सर्व नौजवान सभा के प्रधान सुखविन्द्र सिंह ने बताया कि एस.एन.एस. क्रिकेट अकादमी शुरू करने का मुख्य उद्देश्य फगवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को ऐसा मंच उपलब्ध करवाना है, जहां वे अपनी खेल प्रतिभा को सही दिशा में विकसित कर सकें। उन्होंने कहा कि अकादमी में मेहनती और अनुभवी कोचों की देखरेख में खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियां सिखाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि डी.सी.ए. से एफीलिएशन के लिए मांग-पत्र सौंपने का उद्देश्य खिलाड़ियों के लिए बेहतर और आधिकारिक अवसर पैदा करना है। सभा का प्रयास है कि इन खिलाड़ियों को भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाए। सुखविन्द्र सिंह ने कहा कि सर्व नौजवान सभा समाज सेवा के साथ-साथ युवाओं को खेलों, शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर फगवाड़ा के मेयर रामपाल उप्पल, अनुराग मनखंड चेयरमैन मार्केट कमेटी, संतोष कुमार गोगी जिला सचिव आम आदमी पार्टी, विक्की सूद डिप्टी मेयर और प्रिंसिपल गुरमीत सिंह पलाही विशेष अतिथियों के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह के अंत में सभा की ओर से मुख्य अतिथि डॉ. राज कुमार चब्बेवाल तथा समूह गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। सभा और अकादमी की ओर से डॉ. चब्बेवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों ने भी भविष्य में और अधिक मेहनत कर अकादमी तथा फगवाड़ा का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *