पतंजलि योग पीठ ने मुख्य अध्यापिका व टीचिंग स्टाफ को किया सम्मानित, योग विशेषज्ञ बेबी राजबीर सैनी को रेंजर साइकिल भेंट
फगवाड़ा शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के सम्मान के साथ विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया गया। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, पतंजलि योग पीठ और महिला पतंजलि योग की ओर से सरकारी मिडल स्कूल धर्मकोट, फगवाड़ा में शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह में स्कूल की मुख्य अध्यापिका राजप्रीत कौर सहित समूह अध्यापकों को फूलमालाएं पहनाकर और उपहार भेंट कर शिक्षा के क्षेत्र में उनकी बहुमूल्य सेवाओं की सराहना की गई।
समारोह का एक महत्वपूर्ण पहलू विद्यार्थियों को योग से जोड़ना रहा। योग विशेषज्ञ बेबी राजबीर सैनी ने विद्यार्थियों को विभिन्न योग आसनों का अभ्यास करवाया। विद्यार्थियों ने भी योग के प्रति विशेष रुचि दिखाते हुए उत्साहपूर्वक अभ्यास में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्हें नियमित योग और शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी अवसर पर पतंजलि योग पीठ के जिला प्रभारी दीपक खोसला, तहसील प्रभारी नंद सोनी तथा जिला मीडिया प्रभारी राधिका सरीन सहित अन्य सदस्यों की ओर से योग के प्रचार-प्रसार में योगदान के लिए योग विशेषज्ञ बेबी राजबीर सैनी को सम्मान स्वरूप रेंजर साइकिल भेंट की गई। राजबीर सैनी और उनकी माता योग ट्रेनर सरबजीत सैनी ने इस सम्मान और उपहार के लिए संस्था का धन्यवाद किया।
जिला प्रभारी दीपक खोसला ने विद्यार्थियों को योग और रोजाना कसरत के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग अभ्यास और शारीरिक सक्रियता जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
योग ट्रेनर देव कालिया ने भी विशेष तौर पर समारोह में शिरकत की। उन्होंने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को सही दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने समाज की बेहतरी में शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
समारोह के अंत में आयोजकों की ओर से तहसील प्रभारी नंद सोनी और स्कूल की मुख्य अध्यापिका ने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर समाज सेवक रमन नेहरा, योग विशेषज्ञ सरबजीत सैनी और शरणजीत कौर, सीमा सूरी, राजिंदर करवल, पार्षद बीरा राम वलजोत, बलवंत राय बिल्लू, रजनीश पसरीचा, भोला, चंचल सेठ, नंदू शिंदे और विनोद शर्मा, बिंदर बद्धन, महिंदर पाल धर्मकोट, मोहिंदर वलजोत सहित पतंजलि योग पीठ और अन्य संस्थाओं के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

