29 को शहर के विभिन्न मार्गों से होकर जालंधर के लिए रवाना होगी यात्रा; 30 सितंबर को अमित शाह जालंधर में करेंगे विशाल रैली
फगवाड़ा। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं फगवाड़ा के पूर्व मेयर अरुण खोसला ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंजाब को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से निकाली जा रही ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का 28 सितंबर को फगवाड़ा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा 28 सितंबर की देर शाम फगवाड़ा पहुंचेगी, जिसके बाद फगवाड़ा में रात्रि विश्राम किया होगा। अरुण खोसला ने बताया कि 29 सितंबर, मंगलवार को यात्रा फगवाड़ा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर जालंधर के लिए रवाना होगी। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य पंजाब के लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के खिलाफ लामबंद करना और नशा मुक्त पंजाब के लिए जन-जागरूकता पैदा करना है। भाजपा की ओर से राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर करने वाली चार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राओं’ का आयोजन किया जा रहा है, जिनका समापन 30 सितंबर को जालंधर में प्रस्तावित कार्यक्रम के साथ होगा।
उन्होंने बताया कि 30 सितंबर, बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जालंधर में नशे के खिलाफ आयोजित विशाल रैली को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग और भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। अरुण खोसला ने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे से बचाना और प्रदेश को नशा मुक्त बनाना समय की बड़ी आवश्यकता है। भाजपा पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल राजनीतिक दलों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। पूर्व मेयर ने पंजाब के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे नशे के खिलाफ भाजपा द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के साथ जुड़ें और पंजाब को नशा मुक्त बनाने में अपना योगदान दें। पंजाब को खुशहाल, सुरक्षित और विकास की राह पर आगे ले जाने के लिए भाजपा के साथ मिलकर काम करने की अपील के साथ उन्होंने प्रदेश में डबल इंजन सरकार के गठन के लिए एकजुट होने का आह्वान भी किया।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
