फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
फगवाड़ा के अस्पताल में उपचाराधीन बसपा कार्यकर्ता अमरीक सिंह पांछटा का हालचाल पूछते हुए बसपा पंजाब के प्रधान अवतार सिंह करीमपुरी और अन्य पार्टी नेता।

कहा- पंजाब में कानून व्यवस्था की हालत दयनीय, हमलावरों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया तो बसपा करेगी संघर्ष

फगवाड़ा|राममूर्ति लाली

बीते दिनों नजदीकी गांव जगजीतपुर अड्डे पर अपना क्लीनिक बंद करके रोजाना की तरह घर वापस जा रहे बसपा कार्यकर्ता अमरीक सिंह पांछटा पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कथित तौर पर हमला करके उसे घायल किए जाने के मामले में अस्पताल में उपचाराधीन अमरीक सिंह पांछटा का हालचाल पूछने के लिए बसपा पंजाब के प्रधान अवतार सिंह करीमपुरी बीते दिन फगवाड़ा पहुंचे। इस दौरान करीमपुरी ने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस समय पूरे पंजाब में कानून व्यवस्था की हालत बेहद दयनीय बनी हुई है और लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे।

उन्होंने बसपा पंजाब के सचिव खुशी राम पर हुए हमले का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि ऐसी वारदातों के पीछे सरकार के कथित संरक्षण में पल रहे माफिया तत्वों का हाथ है। उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामियों को छिपाने, लोगों का ध्यान भटकाने और विपक्षी दलों से संबंधित नेताओं व कार्यकर्ताओं में डर का माहौल पैदा करने की नीयत से ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।

करीमपुरी ने विशेष रूप से फगवाड़ा के हालात का जिक्र करते हुए कहा कि यहां कभी किसी के घर या दुकान पर फायरिंग की घटना सामने आ जाती है और कभी मारपीट की वारदातें देखने-सुनने को मिलती हैं, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।

उन्होंने एस.एस.पी. कपूरथला से मांग की है कि बसपा कार्यकर्ता अमरीक सिंह पांछटा पर हमला करने वाले तत्वों की जल्द से जल्द पहचान करके उन्हें गिरफ्तार किया जाए और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। करीमपुरी ने चेतावनी दी कि यदि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो बहुजन समाज पार्टी की ओर से संघर्ष करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस अवसर पर लेखराज जमालपुर, सुखविन्द्र सिंह शेरगिल, इंजीनियर प्रदीप मल्ल सहित अन्य बसपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *