लायन रवि मंगल बोले—सुशील शर्मा का निधन लायंस परिवार के लिए कभी न पूरा होने वाला घाटा
फगवाड़ा। शिक्षक दिवस के अवसर पर लायंस क्लब फगवाड़ा विश्वास और एलायंस क्लब की ओर से एस.डी. पुत्री पाठशाला सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हदियाबाद में विशेष समारोह आयोजित किया गया। समारोह को लायंस क्लब फगवाड़ा विश्वास के चार्टर प्रधान स्वर्गीय लायन सुशील शर्मा की स्मृति को समर्पित किया गया। इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले पांच अध्यापकों को ‘बेस्ट टीचर अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया।
लायंस प्रधान लायन प्रदीप सिंह की अगुवाई में आयोजित समारोह की शुरुआत स्वर्गीय सुशील शर्मा को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। लायंस सचिव रवि मंगल ने स्वर्गीय सुशील शर्मा को याद करते हुए कहा कि वह पेशे से अध्यापक होने के साथ-साथ बेहतरीन मंच संचालक और समाज सेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उन्होंने लोक सेवा दल के माध्यम से समाज सेवा शुरू की और बाद में लायंस क्लब से जुड़कर लोकभलाई के कार्यों में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। रवि मंगल ने कहा कि सुशील शर्मा का अचानक निधन लायंस परिवार के लिए कभी न पूरा होने वाला घाटा है। शिक्षा, समाज सेवा और मिलनसार व्यवहार के कारण उन्होंने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी।
पांच शिक्षकों को मिला सम्मान
समारोह के दौरान हरमेश लाल, अनीता थापर, तजिंदर कौर, वॉलंटियर टीचर रोमा गुप्ता और सचिन बेदी को ‘बेस्ट टीचर अवार्ड-2026’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सुशील शर्मा के निधन से समाज, शिक्षा जगत और लायंस क्लब परिवार में जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे भरना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि उनकी सेवा भावना, मिलनसार स्वभाव और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना लंबे समय तक लोगों को प्रेरित करती रहेगी। सुशील शर्मा की स्मृति में शिक्षक दिवस समारोह आयोजित करना केवल उन्हें श्रद्धांजलि देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके द्वारा अपनाए गए समाज सेवा और शिक्षा के मार्ग को आगे बढ़ाने का प्रयास भी है। स्कूल की प्रिंसिपल रीटा थापर और समूचे स्टाफ ने अध्यापकों के सम्मान एवं उत्साहवर्धन के लिए लायंस क्लब के सदस्यों का आभार जताया। समारोह का मंच संचालन मैडम मोनिका शर्मा ने किया।
इस अवसर पर रीजन चेयरमैन लायन अश्वनी शर्मा, ज्वाइंट चेयरमैन लायन इंद्रजीत सिंह, लायन बलविंदर सिंह, लायन सुरिंदर पाल, लायन अवतार सिंह, नॉन-लायन चमन लाल, लायन एम.एस. कोहली, लायन अमित सूद, लायन हरमेश, लायन सुखजीत सिंह समरा तथा स्वर्गीय सुशील शर्मा के सुपुत्र नवोदित शर्मा सहित लायंस एवं एलायंस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

