फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔

बोले—घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, असली साजिश सामने लाने के लिए हो निष्पक्ष जांच

फगवाड़ा। लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक में संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर की स्थापित प्रतिमा के साथ हुई घटना ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। फगवाड़ा के पूर्व मेयर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण खोसला ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और पंजाब सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। अरुण खोसला ने कहा कि बाबा साहिब डॉ. अंबेडकर के सम्मान से जुड़ी किसी भी घटना को हल्के में नहीं लिया जा सकता। ऐसी घटना केवल एक प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इससे समाज की भावनाएं भी आहत होती हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच कर घटना के पीछे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार लोगों को सामने लाया जाए।

मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप

खोसला ने आरोप लगाया कि पंजाब में इस समय लोग महंगाई, नशे, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और अन्य गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनका कहना है कि इन मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए, लेकिन भगवंत मान सरकार लोगों का ध्यान वास्तविक समस्याओं से भटकाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाना जरूरी है कि अंबेडकर प्रतिमा से जुड़ी घटना के पीछे केवल शरारत थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को किसी राजनीतिक दबाव के बिना पूरे मामले की तह तक जाना चाहिए।

एक तरफ तस्वीरें, दूसरी तरफ प्रतिमाओं से जुड़ी घटनाएं—खोसला

पूर्व मेयर ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने सरकारी कार्यालयों में संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर की तस्वीरें लगवाई हैं, लेकिन दूसरी ओर उनके शासनकाल में अंबेडकर की प्रतिमाओं से जुड़ी घटनाओं को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। खोसला ने कहा कि यदि इस घटना के पीछे किसी तरह की सरकारी साजिश नहीं है, तो फिर पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा होता है। उन्होंने सरकार से स्पष्ट करने की मांग की कि आखिर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस व्यवस्था की गई है।

जनता के सामने आए असली तस्वीर

अरुण खोसला ने कहा कि डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा या उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। इसलिए मामले को केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित रखने के बजाय इसकी निष्पक्ष जांच कर घटना की पूरी सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए। उन्होंने भाजपा की ओर से मांग की कि घटना के दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। खोसला ने कहा कि पंजाब में अमन-शांति और भाईचारे की सांझ बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर महंगाई, नशे, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे वास्तविक जनमुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *