सीमा शर्मा बोलीं—डा. एस. राधाकृष्णन का जीवन शिक्षकों के लिए आदर्श, सुशिक्षित समाज के निर्माण में शिक्षक महत्वपूर्ण कड़ी
फगवाड़ा। शिक्षक दिवस के अवसर पर इन्नरव्हील क्लब ऑफ फगवाड़ा की ओर से विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। क्लब प्रधान श्रीमती सीमा शर्मा की अगुवाई में हुए कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित सेवाएं निभा रहे विभिन्न स्कूलों के छह शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डा. भूपिंदर कौर ने किया। इस दौरान सम्मानित शिक्षकों को प्रशंसा पत्र, स्मृति-चिह्न और फुलकारी भेंट कर उनके योगदान को सराहा गया।
सम्मानित होने वालों में श्री महावीर जैन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की सेवानिवृत्त अंग्रेजी लेक्चरर किरण वर्मा, सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल प्लाही गेट की मुख्य अध्यापिका रुपिंदर कौर, पीएम श्री सरकारी हाई स्कूल चाचोकी की कंप्यूटर फैकल्टी वीनू सूद, सरकारी प्राइमरी स्कूल मानसा देवी नगर फगवाड़ा के ईटीटी शिक्षक संदीप कुमार, इसी स्कूल की ईटीटी शिक्षिका गुरप्रीत कौर तथा पीएम श्री सरकारी कन्या हाई स्कूल चाचोकी के विज्ञान शिक्षक धीरज शर्मा शामिल रहे। सभी शिक्षकों को डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरर डॉ. सीमा राजन, पीडीसी केश लता और क्लब प्रधान श्रीमती सीमा शर्मा ने सम्मानित किया। क्लब प्रधान सीमा शर्मा ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डा. एस. राधाकृष्णन को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन और शिक्षा के प्रति समर्पण आज भी सभी अध्यापकों के लिए प्रेरणास्रोत है। शिक्षा के प्रसार में उनके योगदान को सदैव याद किया जाता रहेगा।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे संस्कार, अनुशासन और जीवन में सही दिशा देने का भी महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। एक सुशिक्षित और संस्कारवान समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्पण और मेहनत से ही नई पीढ़ी का भविष्य मजबूत होता है। ऐसे में शिक्षकों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारी है। क्लब की ओर से कहा गया कि इन्नरव्हील क्लब ऑफ फगवाड़ा भविष्य में भी शिक्षा और समाज से जुड़े सकारात्मक एवं जनहितकारी कार्यों में अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
समारोह में सरोज पब्बी, मनीषा क्वात्रा, धम्मा दुग्गल, अनीता मल्होत्रा, भारती राव, मधु ग्रोवर, सुमन सेठ, सरोज गुप्ता, सविता भल्ला, इंदु धवन, बलविंदर कौर, प्रियंका ऐरी, डॉ. दविंदर कौर, चंद्र रेखा संधीर, रानी सपरा सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

