श्मशान घाट के रास्ते, छप्पड़ के सौंदर्यीकरण और गंदे पानी की निकासी के लिए डाली जाएगी सीवरेज पाइप लाइन
सरपंच हरविंदर सिंह ने पारदर्शिता से काम करवाने का दिया भरोसा
फगवाड़ा/राममूर्ति लाली
विधानसभा हलका फगवाड़ा के गांव नारंगशाहपुर में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी जरूरतों से जुड़े विकास कार्यों को अब गति मिलने जा रही है। गांव में 12 सितंबर को सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल द्वारा विभिन्न विकास कार्यों का नींव पत्थर रखा जाएगा। इनमें श्मशान घाट को जाने वाले रास्ते, छप्पड़ के सौंदर्यीकरण तथा गंदे पानी की निकासी के लिए सीवरेज पाइप लाइन डालने के कार्य प्रमुख हैं। गांव के सरपंच हरविंदर सिंह ने बताया कि इन कार्यों को गांव वासियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव के सर्वांगीण विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना पंचायत की प्राथमिकता है।
पूरी पारदर्शिता के साथ करवाया जाएगा विकास
सरपंच हरविंदर सिंह ने भरोसा दिया कि पंचायत द्वारा प्रत्येक विकास कार्य को पूरी पारदर्शिता के साथ करवाया जाएगा और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत गांववासियों से विचार-विमर्श करके उनकी प्रमुख समस्याओं और जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने गांववासियों से अपील की कि वे विकास कार्यों में पंचायत का सहयोग करें और कार्यों की निगरानी में भी अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं, ताकि विकास का लाभ वास्तव में गांव के लोगों तक पहुंचे। सरपंच ने कहा कि 12 सितंबर को डॉ. राज कुमार चब्बेवाल द्वारा विकास कार्यों का नींव पत्थर रखे जाने से नारंगशाहपुर के विकास को और गति मिलेगी तथा पंचायत का प्रयास है कि गांव को एक मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाए।
नारंगशाहपुर में विकास कार्यों की शुरुआत निश्चित रूप से गांव के लिए सकारात्मक कदम है। अब गांववासियों की नजर इस बात पर रहेगी कि शिलान्यास के बाद कार्य कब शुरू होते हैं। इस अवसर पर पंचायत सदस्य गुरनाम सिंह, अमरीक सिंह, इंद्रजीत सिंह, रमणदीप कौर, गुरबख्श कौर के अलावा पूर्व सरपंच तरसेम सिंह, पूर्व पंच लखवीर सिंह, झलमण सिंह, नंबरदार जसवीर सिंह, पूर्व पंच मेजर सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
