फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔

20,500 की जगह भेजे सिर्फ 6,500 रुपये : अरुण खोसला

पक्की नौकरी का वादा भी अधूरा, हड़ताल खत्म करवाने के बाद मांगों पर अमल न होने का आरोप

फगवाड़ा। पंजाब में सफाई सेवकों की मांगों को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। फगवाड़ा के पूर्व मेयर अरुण खोसला, वरिष्ठ भाजपा नेता महिंदर थापर और रोशन लाल सेठी ने पंजाब सरकार पर सफाई सेवकों के साथ वादा खिलाफी का आरोप लगाया है। संयुक्त बयान में भाजपा नेताओं ने कहा कि पिछले दिनों पंजाब भर की कारपोरेशनों के सफाई सेवकों ने अपनी मांगों को लेकर राज्य स्तरीय हड़ताल की थी। उस समय सरकार की ओर से उनकी मांगों को स्वीकार करने का भरोसा देकर हड़ताल समाप्त करवाई गई थी। लेकिन अब आरोप है कि भरोसा देने के बावजूद सरकार ने मांगों को लागू करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया।

भाजपा नेताओं के मुताबिक सफाई सेवकों की प्रमुख मांगों में पक्की नौकरी और पक्के कर्मचारियों के पे-स्केल के अनुसार वेतन देना शामिल था। उनका कहना है कि अभी तक किसी भी सफाई सेवक को पक्का करने संबंधी ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। सबसे बड़ा सवाल वेतन को लेकर उठाया गया है।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि सफाई सेवकों को 20,500 रुपये के हिसाब से वेतन देने की बजाय केवल 6,500 रुपये भेजे गए हैं। इससे सफाई सेवकों में भारी रोष है। अरुण खोसला ने कहा कि सफाई सेवक अपनी जान जोखिम में डालकर शहरों को साफ-सुथरा रखने का काम करते हैं। ऐसे कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सफाई सेवकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके अधिकारों पर तत्काल फैसला किया जाए।

खोसला ने आंदोलन के दौरान कर्मचारियों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के समय कर्मचारियों पर पुलिस की लाठियां बरसाई गईं और महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों को भी नहीं बख्शा गया। उनका कहना है कि इसके बाद सरकार ने भरोसा देकर हड़ताल तो खत्म करवा दी, लेकिन मांगों को लागू करने के लिए गंभीर कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि सफाई सेवकों को पक्का करना और उन्हें बनते पे-स्केल के अनुसार वेतन देना सरकार की मेहरबानी नहीं, बल्कि उनकी मेहनत का अधिकार है।

भाजपा नेताओं ने पंजाब सरकार से मांग की कि सफाई सेवकों को पक्का करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए और उन्हें पे-स्केल के अनुसार बनता वेतन दिया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सफाई सेवकों के साथ खड़ी है और उनके संघर्ष में पूरा सहयोग देगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने सफाई सेवकों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो भविष्य में पैदा होने वाले कर्मचारी रोष के लिए पंजाब सरकार खुद जिम्मेदार होगी।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *