11 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल जीतकर खिलाड़ियों ने क्लब, माता-पिता और कपूरथला जिले का नाम रोशन किया
फगवाड़ा। बनारसी दास आर्य कॉलेज, जालंधर में आयोजित पंजाब स्टेट मुए थाई चैंपियनशिप-2026 में रिंग बीस्ट बॉक्सिंग क्लब कपूरथला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल हासिल किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्लब के साथ-साथ उनके माता-पिता और कपूरथला जिले का नाम भी रोशन हुआ। चैंपियनशिप के दौरान रिंग बीस्ट के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में अपनी मेहनत, अनुशासन, खेल तकनीक और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया और कई मुकाबलों में जीत दर्ज की।
इन खिलाड़ियों ने जीते गोल्ड मेडल
कोच प्रिंस कौल ने बताया कि अंशिका जायसवाल ने अंडर-56 किलोग्राम, बंधना ने अंडर-44 किलोग्राम, अर्शजीत ने 72 किलोग्राम से अधिक, गुरनूर कौर ने अंडर-58 किलोग्राम, जसकरण ने अंडर-52 किलोग्राम और माही ने अंडर-24 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीता।
इसी तरह मनवीर ने अंडर-50 किलोग्राम, भावक चड्ढा ने अंडर-62 किलोग्राम, अंकुश कलसी ने 63 किलोग्राम से अधिक, गौरव कुमार ने 60 किलोग्राम से कम तथा कोच प्रिंस कौल ने 90 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं अरमान दीप कौर ने 59 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास का नतीजा
पंजाब मुए थाई एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव वालिया ने खिलाड़ियों और कोच प्रिंस कौल को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने आगामी चैंपियनशिपों में भी खिलाड़ियों से इसी तरह बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। कोच प्रिंस कौल ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल मेडल की संख्या नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों की लगन, कड़ी मेहनत और लगातार अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ी खुशी यह है कि क्लब के खिलाड़ी प्रत्येक मुकाबले से कुछ नया सीख रहे हैं और अपने खेल में लगातार सुधार कर रहे हैं। 11 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है।
माता-पिता के सहयोग को भी दिया श्रेय
प्रिंस कौल ने कहा कि हर जीत के पीछे कई घंटों की मेहनत, अनुशासन और त्याग होता है। उन्हें अपने सभी खिलाड़ियों पर गर्व है और विश्वास है कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में पंजाब और भारत का नाम और ऊंचा करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों के माता-पिता का भी आभार जताया, जो अपने बच्चों को खेलों से जोड़ने और लगातार प्रोत्साहित करने में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता, कोच और खिलाड़ियों की सामूहिक मेहनत से ही ऐसी उपलब्धियां हासिल होती हैं। रिंग बीस्ट बॉक्सिंग क्लब की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों ने भी खुशी जताते हुए सभी विजेता खिलाड़ियों और कोच प्रिंस कौल को शुभकामनाएं दीं।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

