फ्रेजनो में गुरुद्वारा श्री गुरु रविदास सभा ने किया सम्मानित; सेवानिवृत्त प्रिं. जसविंदर सिंह बंगड़ का भी समाज सेवा और गांव के विकास के लिये हुआ सम्मान

चंडीगढ़ — पंजाब के छोटे से गांव लखपुर से निकलकर अमेरिका के फ्रेजनो में चीफ मेडिकल ऑफिसर (सीएमओ) के महत्वपूर्ण पद तक पहुंचना न केवल बंगड़ परिवार, बल्कि पूरे फगवाड़ा क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। गांव लखपुर तहसील फगवाड़ा के जमपल डॉ. सतनाम सिंह बंगड़ को फ्रेजनो (कैलिफोर्निया) स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु रविदास सभा की ओर से चीफ मेडिकल ऑफिसर बनने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सेवानिवृत्त प्रिं. जसविंदर सिंह बंगड़ का भी हुआ सम्मान

डॉ. सतनाम सिंह बंगड़ के भाई तथा सरकारी सी.सै. स्कूल लखपुर के सेवानिवृत्त प्रिंसिपल डॉ. जसविंदर सिंह बंगड़, जो इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं, को भी समाज सेवा में योगदान तथा अपने पैतृक गांव लखपुर के विकास कार्यों के प्रति दिखाई जा रही सक्रियता के लिए सम्मानित कर उनकी हौसला अफजाई की गई।
समारोह के दौरान गांव लखपुर के पूर्व सरपंच प्यारा सिंह ढड्डवाल तथा अमेरिका में रह रहे मोहन लाल बंगड़ को भी सम्मानित किया गया। गुरुद्वारा कमेटी ने भारत और विदेश में उनकी सेवा भावना की सराहना की।
गुरु रविदास महाराज का आशीर्वाद मानता है बंगड़ परिवार
इस अवसर पर बंगड़ परिवार की ओर से गुरुद्वारा साहिब में शुक्राना समागम भी करवाया गया। सेवानिवृत्त प्रिं. जसविंदर सिंह बंगड़ ने फोन पर बातचीत करते हुए कहा कि उनके परिवार पर श्री गुरु रविदास महाराज की अपार कृपा है। इसी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए गुरुद्वारा श्री गुरु रविदास सभा, फ्रेजनो में धार्मिक समागम करवाया गया।
उन्होंने गुरुद्वारा साहिब कमेटी के प्रधान अमर दड़ोच, सचिव कुलदीप सिंह बंगड़ तथा राजकुमार जस्सी का विशेष सम्मान के लिए दिल से धन्यवाद किया।
डॉ. जसविंदर सिंह बंगड़ ने कहा कि अमेरिका में रह रहे पंजाबी अपनी मेहनत, मिलनसार स्वभाव और लगन के बल पर न केवल अपना भविष्य संवार रहे हैं, बल्कि अपने-अपने गांवों और पंजाब का नाम भी रोशन कर रहे हैं। विदेश में रहते हुए भी अपनी जड़ों और समाज से जुड़े रहना पंजाबी समुदाय की बड़ी विशेषता है।
इस अवसर पर श्रीमती परमिला बंगड़, संतोष कुमार बंगड़, महक बंगड़, दिलज बंगड़, डेविड बंगड़ और लवीन कौर बंगड़ सहित अन्य उपस्थित थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.