📰 फगवाड़ा, पंजाब और देश-दुनिया की अन्य सभी बड़ी खबरों के लिए
🔴 यहाँ क्लिक करके D-News Watch के मुख्य पृष्ठ (Home) पर जाएँडॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने दरवेश पिंड पहुंचकर दी बधाई, कहा—दलजीत राजू को मिला सब्र का मीठा फल
समर्थकों ने पहनाए नोटों के हार, ढोल बजाकर जताई खुशी
फगवाड़ा, 25 अक्टूबर। आम आदमी पार्टी ने दलजीत राजू दरवेश पिंड को जिला कपूरथला का अध्यक्ष नियुक्त करके जिले में अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। दलजीत राजू को फगवाड़ा और आसपास के गांवों में सक्रिय राजनीतिक नेता के रूप में जाना जाता है। उनकी नियुक्ति को खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
नियुक्ति के बाद सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल विशेष रूप से दलजीत राजू के गृह गांव दरवेश पिंड पहुंचे और उन्हें बधाई दी। इस मौके पर उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और समूची पार्टी लीडरशिप की ओर से भी शुभकामनाएं दीं। डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने दलजीत राजू का मुंह मीठा करवाया और सिरोपा पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, समर्थकों ने दलजीत राजू और डॉ. चब्बेवाल को नोटों के हार पहनाए तथा ढोल बजाकर और जिंदाबाद के नारे लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया। डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने दलजीत राजू को बधाई देते हुए कहा कि उनके योगदान से फगवाड़ा क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिली है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगले वर्ष होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों के दौरान दलजीत राजू की अगुवाई में आम आदमी पार्टी जिला कपूरथला के चारों विधानसभा हलकों में बड़ी जीत दर्ज करेगी।
अपनी नियुक्ति के लिए पार्टी हाईकमान का धन्यवाद करते हुए दलजीत राजू ने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी पूरी तनदेही से निभाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वह पहले भी पार्टी की मजबूती के लिए काम करते रहे हैं और अब भी दिन-रात मेहनत करके संगठन को मजबूत करेंगे। दलजीत राजू का अब तक का राजनीतिक सफर इस नियुक्ति को और अहम बनाता है। वह पहले कांग्रेस पार्टी में सक्रिय रहे हैं और कपूरथला जिले में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले वह कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे। पार्टी की ओर से कोई बड़ी और अहम जिम्मेदारी नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने पूरी तनदेही से संगठन के लिए काम किया। पार्टी के प्रति उनके इसी समर्पण का जिक्र करते हुए डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि दलजीत राजू को आने वाली दिवाली से पहले उनके सब्र का मीठा फल मिला है, जो आम आदमी पार्टी ही दे सकती है।
गांवों से जुड़ाव बन सकता है पार्टी की ताकत

दलजीत राजू की राजनीतिक सक्रियता का एक अहम पहलू गांवों में उनका संपर्क है। दरवेश पिंड से संबंध रखने के कारण गांवों की पंचायतों, सरपंचों और स्थानीय नेताओं के साथ उनकी नजदीकी को उनकी राजनीतिक पूंजी के रूप में देखा जाता है। पंजाब की राजनीति में गांवों का संगठनात्मक नेटवर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में जिला अध्यक्ष के रूप में दलजीत राजू की नियुक्ति पार्टी को ग्रामीण क्षेत्रों में अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने, स्थानीय मुद्दों तक पहुंच बनाने और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने का अवसर दे सकती है।
बीती देर शाम उन्हें जिला अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ओर से बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया, जो आज दिनभर जारी रहा।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
📰 फगवाड़ा, पंजाब और देश-दुनिया की अन्य सभी बड़ी खबरों के लिए
👉 यहाँ क्लिक करके D-News Watch के मुख्य पृष्ठ (Home) पर जाएँ
