फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
गुरु रविदास कॉलेज में आयोजित शिक्षक दिवस के दृश्य।

फगवाड़ा। शिक्षक दिवस के अवसर पर फगवाड़ा के  गुरु रविदास को-एजुकेशन कॉलेज, श्री महावीर जैन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा एस.डी. मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने अपने अध्यापकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। इसके अलावा भी विभिन्न शिक्षण संस्थानों में गुरुजनों के सम्मान, विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और शिक्षकों के योगदान को नमन करने का सिलसिला देखने को मिला। कहीं रंगारंग प्रस्तुतियों ने समां बांधा तो कहीं शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान को रेखांकित किया गया।

शिक्षक केवल शिक्षा नहीं, व्यक्तित्व और संस्कार भी गढ़ते हैं

गुरु रविदास को-एजुकेशन कॉलेज में आयोजित समारोह का शुभारंभ कॉलेज ट्रस्ट के चेयरमैन यू.सी. सरोआ ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा श्रीमती संतोष सरोआ ने गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में रिबन काटकर और ज्ञान ज्योति प्रज्वलित कर किया।

कॉलेज की डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन डॉ. नीलम सेठी ने अध्यापक वर्ग को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए बदलती शिक्षा व्यवस्था और नई तकनीकों के बीच विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

मुख्य अतिथि यू.सी. सरोआ ने कहा कि अध्यापक विद्यार्थियों को केवल शिक्षित ही नहीं करते, बल्कि उन्हें सही दिशा दिखाकर गुणवान और जिम्मेदार नागरिक बनने के योग्य भी बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता के साथ-साथ अध्यापकों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान अध्यापकों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां आयोजित की गईं। कॉलेज प्रबंधन की ओर से शिक्षकों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने गिद्धा, भंगड़ा और मिनी कोरियोग्राफी सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्साह भरा। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में सुंदर कार्ड भी तैयार किए तथा कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज की सी.ए. इंस्टॉलेशन भी करवाई गई।

श्री महावीर जैन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अध्यापकों का किया उत्साहवर्धन

अध्यापकों का उत्साहवर्धन करते हुए स्कूल प्रबंधन समिति

श्री महावीर जैन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस महान दार्शनिक एवं आदर्श शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को समर्पित रहा। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान सतीश जैन, सचिव ललित जैन तथा कोषाध्यक्ष अजीत जैन ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को नमन किया।

प्रबंधन समिति की ओर से शिक्षकों का विशेष सम्मान एवं उत्साहवर्धन किया गया। वाइस प्रिंसिपल स. जगपाल सिंह ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व तथा डॉ. राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान से अवगत करवाया।

शिक्षक राष्ट्र के वास्तविक निर्माता : सतीश जैन

श्री सतीश जैन प्रधान श्री महावीर जैन मॉडल सी.सै. स्कूल

स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान सतीश जैन ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के वास्तविक निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्था की वास्तविक पूंजी उसकी भव्य इमारतें या आधुनिक तकनीक नहीं, बल्कि वहां कार्यरत समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक होते हैं। एक सच्चा शिक्षक विद्यार्थी के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारता है तथा उसे आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने की दिशा दिखाता है।

एस.डी. मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रंगारंग प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने किया गुरुजनों का सम्मान

एसडी माडल सीनियर सैकेंडरी स्कूल में आयोजित शिक्षक दिवस की तस्वीर

एस.डी. मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भी शिक्षक दिवस उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के सम्मान में गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। विद्यार्थियों ने अध्यापकों को विशेष उपाधियों से सम्मानित कर उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

विद्यालय की डायरेक्टर सुश्री निर्मल कोहली तथा प्रधानाचार्य श्रीमती निशि पुरी ने सभी शिक्षकों को उपहार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बच्चों और शिक्षकों का मुंह मीठा करवाकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा की गईं।

डायरेक्टर निर्मल कोहली ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माण करते हैं। प्रधानाचार्य निशि पुरी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन को शिक्षक और शिक्षा के महत्व का प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और अच्छे संस्कार अपनाने का आह्वान किया।

तीनों शिक्षण संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों का साझा संदेश यही रहा कि समय और तकनीक भले ही बदल जाएं, लेकिन विद्यार्थी के जीवन में गुरु का मार्गदर्शन और सम्मान आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है। शिक्षक दिवस के आयोजनों ने जहां गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया, वहीं विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने शिक्षा के इन मंदिरों में उत्सव का रंग भी भर दिया।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

By दिग्विन्द्र राणा

D-News Watch स्थानीय, राष्ट्रीय और समसामयिक मुद्दों पर समाचार, विशेष रिपोर्ट और विश्लेषणात्मक लेख प्रस्तुत करता है। D-News Watch के माध्यम से फगवाड़ा और पंजाब से जुड़ी स्थानीय खबरों के साथ-साथ जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक और स्वतंत्र पत्रकारिता के दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया जाता है। — दिग्विन्द्र राणा, संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *