फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
एस.पी. फगवाड़ा से मुलाकात के उपरांत बातचीत करते हुए सुरिंदर ढंडा, सुखविंदर सिंह शेरगिल, परमिंदर बोध, रमेश कौल एवं अन्य गणमान्य।

फगवाड़ा। गणमान्यों का एक प्रतिनिधिमंडल आज एस.पी. माधवी शर्मा से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं ने एस.पी. फगवाड़ा को नगर वासियों से संबंधित समस्याओं से अवगत करवाया तथा मांग करते हुए कि जनहित में जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की जाए। इस भेंट के पश्चात मीडिया से वार्तालाप में अंबेडकर सेना पंजाब के प्रधान सुरिंदर ढंडा, सुखविंदर सिंह शेरगिल, रमेश कौल तथा परमिंदर बोध ने बताया कि शहर के लोग लंबे समय से अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा इनके स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए जा रहे। जिसके संबंध में एस.पी. माधवी शर्मा को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने एस.पी. माधवी शर्मा के माध्यम से प्रशासन से मांग की कि जीटी रोड फ्लाईओवर के ऊपर शुगर मिल चौक वाला बंद किया गया रास्ता तत्काल खोला जाए, क्योंकि इससे नकोदर साइड से माता चिंतपूर्णी तथा ज्वाला जी आने-जाने वाली संगतों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही हदियाबाद, सतनामपुरा क्षेत्र से शहर के दूसरे हिस्से में आने वाले हजारों लोगों को चाहल नगर चौक की ओर से काफी लंबा चक्कर लगाने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने कौलसर मोहल्ला सहित शहर में बाबा साहिब डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए उचित प्रबंध किए जाने की मांग भी रखी। नेताओं ने कहा कि महापुरुषों के सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था होना अत्यंत आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग रखी कि विभिन्न थानों में लंबे समय से लंबित पड़ी शिकायतों का शीघ्र निपटारा किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले एक पीडि़त को एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी द्वारा कार्यालय में काफी देर तक बैठाए रखने के बाद गेट-आउट कहकर अपमानजनक ढंग से कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया था। इस मामले की ओर भी एस.पी. का ध्यान आकर्षित किया गया तथा भविष्य में आम लोगों के प्रति पुलिस का व्यवहार सौम्य और सम्मानजनक बनाए जाने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं ने स्थानीय भुल्लाराई रोड से नई सब्जी मंडी एवं दाना मंडी जाने वाली सडक़ पर रात के समय हो रही लूटपाट तथा कथित रूप से चल रहे देह व्यापार के धंधे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इसके कारण क्षेत्र के लोगों, विशेषकर महिलाओं और राहगीरों में भय का वातावरण बना हुआ है। उन्होंने मांग उठाई कि रात्रि के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा ऐसी गैर-कानूनी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। सुरिंदर ढंडा तथा सुखविंदर सिंह शेरगिल ने बताया कि एस.पी. माधवी शर्मा ने उनकी सभी मांगों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी तथा जहां पुलिस विभाग के अधिकार क्षेत्र का मामला होगा, वहां आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अन्य मामलों को संबंधित विभागों के पास भेजा जाएगा। नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ हीचेतावनी भी दी कि यदि जल्द ही उचित कदम नहीं उठाए गए तथा लोगों की परेशानियां और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र वासियों के साथ मिलकर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। इस अवसर पर अश्वनी बघानिया, सुरिंदर रावलपिंडी, मनोज पलाही गेट, डा. सुरजीत आदि उपस्थित थे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *