* कहा – सतगुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व पर जिले में लगाए जाएंगे 6.50 लाख पौधे

फगवाड़ा। वन विभाग फगवाड़ा के खेड़ा रोड स्थित कार्यालय में आज रेंज फॉरेस्ट अफसर के रूप में सुनील विल्सन द्वारा पदभार ग्रहण करने पर कार्यालय स्टाफ ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। पदभार संभालने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए आर.एफ.ओ. सुनील विल्सन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देना वन विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार एवं वन विभाग द्वारा अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा सतगुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित जिला स्तर पर 6.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान के तहत फगवाड़ा ब्लॉक में 50 हजार पौधे लगाये जायेंगे। जिन्हें पर्यावरण प्रेमियों को नि:शुल्क वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, गांवों की पंचायतों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा आम लोगों के सहयोग से इस वर्ष के बरसाती मौसम में बड़े स्तर पर पौधारोपण होगा। उन्होंने आम लोगों से जोरदार अपील कर कहा कि आवश्यकता अनुसार पौधे खेड़ा रोड स्थित वन विभाग कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि लोग केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहें, बल्कि उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं, ताकि पर्यावरण को प्रदूषण से बचाया जा सके और आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सके। कार्यालय स्टाफ ने उन्हें पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ सहयोग देने का विश्वास दिलाया। उल्लेखनीय है कि सुनील विल्सन इससे पहले अजनाला में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर हरजीत सिंह के तबादले के बाद फगवाड़ा में पदभार संभाला है। इस अवसर पर रेंज ऑफिसर हरजीत सिंह, ब्लॉक ऑफिसर तीर्थ सिंह, फॉरेस्ट गार्ड सोम प्रकाश एवं किरणजीत कौर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.