एफआईआर के विरोध में बसपा कार्यकर्ताओं ने रावलपिंडी थाना घेरा

तीन घंटे बाद डीएसपी ने जांच का भरोसा देकर धरना उठवाया

फगवाड़ा के थाना रावलपिंडी में धरने के दौरान संबोधित करते हुए सुखविंदर सिंह शेरगिल तथा नीचे डीएसपी पलविंदर सिंह धरनाकारियों से बातचीत करते हुए।

फगवाड़ा। बहुजन समाज पार्टी विधानसभा हलका फगवाड़ा की ओर से खाकी वर्दी की ज्यादतियों और धक्केशाही का आरोप लगाते हुए आज थाना रावलपिंडी का घेराव किया गया। इस दौरान बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने थाने के मुख्य गेट के सामने होशियारपुर रोड, फगवाड़ा पर करीब तीन घंटे तक धरना देकर पुलिस प्रशासन और पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। धरनाकारियों को संबोधित करते हुए हलका इंचार्ज लेखराज जमालपुरी, पार्षद एवं प्रधान चिरंजी लाल काला, उपप्रधान सुखविंदर सिंह शेरगिल, परमिंदर बोध देहाती प्रधान जिला कपूरथला तथा पार्षद अमनदीप इंचार्ज शहरी फगवाड़ा के अलावा वरिष्ठ नेता परमजीत खलवाड़ा, सुरिंदर ढंडा, हरभजन सुमन और महासचिव राम मूर्ति खेड़ा ने कहा कि थाना रावलपिंडी हमेशा विवादों में घिरा रहता है। यहां की पुलिस फोर्स राजनीतिक आकाओं के दबाव में आम लोगों के साथ धक्केशाही करती है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि थाने में प्रतिदिन आम लोगों को परेशान होना पड़ता है। अधिकारियों द्वारा पीडि़त पक्षों की कोई सुनवाई नहीं की जाती तथा शिकायतों की जांच को बिना किसी कारण लंबित रखा जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आम लोगों को न्याय देना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि पुलिस से न्याय मांगने के लिए लोगों को सडक़ों पर संघर्ष करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना रावलपिंडी पुलिस ने गांव रामपुर सुन्नड़ा की महिला सरपंच और उनके पति के खिलाफ राजनीतिक दबाव में एफआईआर दर्ज की है, जो पूरी तरह झूठी और निराधार है। उन्होंने कहा कि आज का यह विरोध प्रदर्शन पुलिस के लिए एक चेतावनी है कि उक्त मामले सहित थाना क्षेत्र के अन्य गांवों के पीडि़त परिवारों को भी पूरा न्याय दिया जाए, अन्यथा बसपा जनता को न्याय दिलाने के लिए बड़े स्तर पर संघर्ष करेगी। धरने के कारण होशियारपुर रोड पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। भीषण गर्मी में वाहन चालक और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सडक़ पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, लेकिन पुलिस अथवा प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा। करीब तीन घंटे बाद डीएसपी पलविंदर सिंह ने थाना क्षेत्र के सभी गांव वासियों को पूरा न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही बसपा नेताओं द्वारा गांव रामपुर सुन्नड़ा की सरपंच के खिलाफ दर्ज एफआईआर को झूठा बताए जाने के मामले की गहन जांच कर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इसके बाद बसपा नेताओं ने धरना समाप्त करते हुए चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो दोबारा बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर सुरिंदर पाल सिंह चेयरमैन ब्लॉक समिति फगवाड़ा, एडवोकेट कुलदीप भट्टी, अमरजीत खुत्तण, कुलदीप कुमार सरपंच जगतपुर जट्टां, चरणजीत चक्क हकीम, गुरमीत रामपुर सुन्नड़ा, संतोष ढंडा, डॉ. अमरीक पांशट, सुरिंदर भबियाणा, सुरिंदर रावलपिंडी, बंटी, संदीप आंबेडकरी युवा नेता, बंटी मोरांवाली, जरनैल सिंह नंबरदार रामपुर सुन्नड़ा, बल्ली बाबा गधिया, विशंभर दास भबियाणा, कश्मीरा सिंह दरवेश पिंड, विपन कुमार खलवाड़ा, राजेश भबियाणा, बलदेव गुलाबगढ़, निर्मल सिंह मलकपुर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top