* 7 स्वर्ण पदकों सहित कुल 20 पदक जीतकर शहर का नाम किया रोशन
कपूरथला में आयोजित 20वीं नेशनल कराटे चैंपियनशिप-2026 में फगवाड़ा के आर्यन फाइटर्स एरीना के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 स्वर्ण पदकों सहित कुल 20 पदक अपने नाम कर शहर का गौरव बढ़ाया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए कोच अतुल आर्यन ने बताया कि यह चैंपियनशिप जे.के.डी. स्कूल ऑफ सेल्फ डिफेंस एवं इंडिया कराटे-डू एसोसिएशन द्वारा ब्लैक बेल्ट राजेश कुमार (बंटी) तथा ब्लैक बेल्ट धीरज कुमार की देखरेख में 25 और 26 जुलाई को धर्म सभा के निकट हिंदू कन्या कॉलेज, अमृतसर रोड, कपूरथला में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में आर्यन फाइटर्स एरीना की ओर से 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के 10 लडक़ों तथा 6 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 8 लड़कियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि लड़कियों के वर्ग में जायना कौर ने स्वर्ण पदक, जसनूर कौर ने एक स्वर्ण एवं एक रजत पदक, सीरत कौर ने एक स्वर्ण एवं एक रजत पदक, रवनीत कौर ने एक रजत एवं एक कांस्य पदक, अवनीत कौर ने रजत पदक, अंबर जक्खू एवं प्रियंका ने कांस्य पदक तथा दीपिका ने रजत पदक जीता। वहीं लडक़ों के वर्ग में एकम ने एक स्वर्ण एवं एक कांस्य पदक, आकाश भुट्टा, आर्यन तथा हिमाक्ष ने स्वर्ण पदक, संचित जक्खू एवं तक्षराज ने रजत पदक, जबकि प्रथम, प्रभ बैंस, रवनीत तथा साहिबजोत सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किए। कोच अतुल आर्यन ने सभी विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर फगवाड़ा का नाम रोशन किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। इस दौरान फगवाड़ा के खेल प्रेमियों, अभिभावकों तथा बच्चों के शुभचिंतकों ने भी सभी विजेता खिलाडिय़ों एवं कोच अतुल आर्यन को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.