बरसात में बद्दतर बने हालात; महामारी का मंडरा रहा खतरा
राम मूर्ति लाली की ग्राऊंड रिपोर्ट
फगवाड़ा नगर निगम के सफाई सेवकों की गत 24 जुलाई से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल ने शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया है। शहर के विभिन्न इलाकों में कचरे के बड़े ढेर लग चुके हैं। आज हुई बारिश ने हालात को और भी बद्दतर बना दिया है। डंपों से कचरा नहीं उठाए जाने के कारण गंदगी सडक़ों तक फैल गई है और शहर के कई हिस्सों में बदबू का आलम बना हुआ है।
वहीं बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी जमा हो गया है, जिसमें कचरा तैरता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर की मुख्य सडक़ों से लेकर रिहायशी इलाकों तक गंदगी के ढेर दिखाई दे रहे हैं, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।
सबसे अधिक परेशानी डंपों के आसपास रहने वाले लोगों को हो रही है। उनका कहना है कि दिन-रात फैल रही बदबू के कारण घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। बरसात के मौसम में कूड़े के ढेरों और जमा पानी के कारण मक्खियों और मच्छरों की भरमार हो गई है, जिससे डेंगू, मलेरिया तथा अन्य संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।
शहरवासियों ने पंजाब सरकार तथा स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि सफाई कर्मचारियों के मुद्दे का शीघ्र समाधान निकाला जाए, ताकि शहर को गंदगी से निजात मिल सके और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी खतरों से बचाया जा सके। शहरवासियों ने यह आशंका भी जताई कि यदि हड़ताल और लंबी चली तो फगवाड़ा को गंभीर स्वास्थ्य संकट का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन हालात को लेकर सजग: डा. नवजोत शर्मा, एसडीएम फगवाड़ा
दूसरी ओर, एसडीएम डा. नवजोत शर्मा ने कहा कि प्रशासन इस समस्या को लेकर पूरी तरह गंभीर है। लोगों के स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। वह नगर निगम अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं तथा स्वयं भी मौके की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही डंपों से कूड़ा उठवाने की व्यवस्था की जाएगी।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
