फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
चित्र : एस.एस.पी. कपूरथला गौरव तूरा एवं डिप्टी कमिश्नर कपूरथला आकाश बंसल को निमंत्रण पत्र भेंट करते हुए पूर्व मेयर अरुण खोसला तथा अन्य गणमान्य।

एस.एस.पी. एवं डिप्टी कमिश्नर कपूरथला को दिए निमंत्रण पत्र

श्री राधा-कृष्ण सेवा समिति द्वारा जन्माष्टमी को समर्पित सजाई जाने वाली विशाल शोभायात्रा की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। जानकारी देते हुए समिति के प्रधान एवं पूर्व मेयर अरुण खोसला ने बताया कि 2 सितंबर को फगवाड़ा में निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा की शोभा बढ़ाने के लिए गणमान्यों को निमंत्रण पत्र देने का सिलसिला लगातार जारी है।

इसी कड़ी के तहत डिप्टी कमिश्नर आकाश बंसल तथा एस.एस.पी. कपूरथला गौरव तूरा को निमंत्रण पत्र भेंट किए गए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों को निमंत्रण पत्र देने का कार्य शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शोभायात्रा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 2 सितंबर, बुधवार को दोपहर बाद 3 बजे मौनी बाबा मंदिर, पुरानी दाना मंडी से विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत प्रारंभ होगी। यह शोभायात्रा शहर की परिक्रमा करते हुए पुन: मौनी बाबा मंदिर में संपन्न होगी।

उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगी। कीर्तन मंडलियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की महिमा का भजनों के माध्यम से सुंदर गुणगान किया जाएगा। फगवाड़ा के अलावा अन्य शहरों एवं राज्यों से पहुंचने वाली श्री राधा-कृष्ण से संबंधित आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी।

खोसला ने बताया कि 4 सितंबर, शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़ी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया जाएगा। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से संबंधित सुंदर झांकियां भी सजाई जाएंगी। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए शाम के समय शहर में भांति प्रकार के व्यंजन एवं फलों आदि के भण्डारे अटूट बरताये जायेंगे।

उन्होंने समूह धर्म प्रेमी जनता एवं सामाजिक संगठनों, राजनीतिक हस्तियों तथा क्षेत्रवासियों से इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर एवं सहयोग प्रदान कर योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण की कृपा के पात्र बनने की पुरजोर अपील भी की। इस अवसर पर उनके साथ एडवोकेट पीयूष मनचंदा, एडवोकेट रजत नंदा तथा समाज सेवक राजीव चहल (राजू) भी उपस्थित थे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *