फ्री आयुष कैंपों का मरीज उठाएं लाभ : डा. परमिंदर कौर
फगवाड़ा। आम लोगों को आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में आयुर्वेद विभाग पंजाब की ओर से जिला कपूरथला में 10 नि:शुल्क आयुष कैंप लगाने की पहल की गई है। इन कैंपों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह, स्वास्थ्य जांच तथा नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस संबंधी जानकारी देते हुए जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अफसर डा. परमिंदर कौर ने बताया कि इन फ्री आयुष कैंपों में विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का चेकअप किया जाएगा तथा चिकित्सकों की सलाह के अनुसार नि:शुल्क दवाइयां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पेट के रोगों, जोड़ों के दर्द, चमड़ी के रोगों, महिला रोगों, ब्लड प्रेशर, खांसी तथा अन्य मौसमी समस्याओं से परेशान मरीज इन कैंपों का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आयुर्वेद में बीमारी के उपचार के साथ-साथ शरीर की प्रकृति, खान-पान, दिनचर्या और जीवनशैली को संतुलित रखने पर भी विशेष जोर दिया जाता है। उचित आहार-विहार, नियमित योग एवं प्राणायाम तथा मौसम के अनुसार दिनचर्या में बदलाव व्यक्ति को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से कैंपों में मरीजों को उनकी शारीरिक प्रकृति एवं मौसम के अनुसार आहार-विहार संबंधी जरूरी जानकारी भी दी जाएगी। डा. परमिंदर कौर ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली के कारण लोग पेट संबंधी समस्याओं, जोड़ों के दर्द, तनाव तथा कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों को जागरूक करना और उन्हें प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि वे इन नि:शुल्क कैंपों में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करवाएं और विशेषज्ञों से आवश्यक परामर्श लें।
फगवाड़ा में 14 व 16 सितंबर को लगाए जाएंगे आयुष कैंप : डा. राजीव कुमार
वहीं स्वास्थ्य केंद्र सिविल अस्पताल फगवाड़ा के डा. राजीव कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत फगवाड़ा में पहला कैंप सोमवार 14 सितंबर को नई दाना मंडी, होशियारपुर रोड तथा दूसरा कैंप बुधवार 16 सितंबर को बस स्टैंड फगवाड़ा में लगाया जाएगा। इसके अलावा फगवाड़ा के विभिन्न स्थानों पर दो अन्य फ्री आयुष कैंप भी आयोजित किए जाएंगे, जिनकी जानकारी लोगों को उपलब्ध करवाई जाएगी। डा. राजीव कुमार ने समूह फगवाड़ा वासियों को इन नि:शुल्क आयुष कैंपों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का खुला निमंत्रण देते हुए कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। समय पर स्वास्थ्य जांच, उचित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
