फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
चित्र : सर्व नौजवान सभा की ओर से आयोजित बैठक के विभिन्न दृश्य।

सांसद डा. राजकुमार चब्बेवाल ने सभा को 5 लाख रुपये की ग्रांट देने का किया ऐलान, जन्मदिन पर काटा केक

फगवाड़ा— जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह को सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए पिछले 35 वर्षों से सामूहिक विवाह समारोह आयोजित कर रही सर्व नौजवान सभा (रजि.) और सर्व नौजवान वेलफेयर सोसायटी (रजि.) फगवाड़ा की ओर से इस वर्ष आयोजित किए जा रहे 36वें सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह से संबंधित विभिन्न प्रबंधों का जायजा लेते हुए जिम्मेदारियां तय की गईं। सामूहिक विवाह समारोह 11 अक्तूबर, रविवार को गुरु नानक मिशन नेत्रहीन वृद्ध आश्रम, सपरोड़ में करवाया जा रहा है। इस संबंधी बैठक सर्व नौजवान सभा के वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर, होशियारपुर रोड, फगवाड़ा में सभा के प्रधान सुखविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सांसद एवं आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज फगवाड़ा डा. राज कुमार चब्बेवाल विशेष तौर पर पहुंचे और समारोह की तैयारियों को लेकर प्रबंधकों के साथ विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया। बैठक में मेयर फगवाड़ा रामपाल उप्पल तथा प्रिंसिपल गुरमीत सिंह पलाही भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।

बैठक में जन्मदिन की खुशी, काटा गया केक

बैठक के दौरान सांसद डा. राजकुमार चब्बेवाल का जन्मदिन भी मनाया गया। सर्व नौजवान सभा की ओर से केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। गायक जगजीत सिंह तथा वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर की प्रशिक्षणार्थी लड़कियों ने जन्मदिन के गीत प्रस्तुत कर खुशी साझा की। सभा के सदस्यों ने डा. चब्बेवाल की दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

सभा को 5 लाख रुपये की ग्रांट देने का ऐलान

इस अवसर पर डा. राजकुमार चब्बेवाल ने जरूरतमंद बेटियों के सामूहिक विवाह करवाने के लिए सर्व नौजवान सभा की ओर से पिछले लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए जनकल्याण के कार्यों के लिए 5 लाख रुपये की ग्रांट देने का ऐलान किया। सभा के पदाधिकारियों ने इस सहयोग की घोषणा के लिए डा. चब्बेवाल का आभार जताया। डा. चब्बेवाल ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह करवाना एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। ऐसे कार्यों में सहयोग देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी बेटी का विवाह उसके परिवार के लिए जिंदगी का महत्वपूर्ण अवसर होता है और जब समाज मिलकर किसी जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में सहयोग करता है तो यह केवल आर्थिक सहायता नहीं होती, बल्कि परिवार को सम्मान और हौसला भी मिलता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह समाज के सामूहिक सहयोग, भाईचारे और इंसानियत की भावना का प्रतीक हैं। उन्होंने समाज के समर्थ वर्ग से इस नेक कार्य में अधिक से अधिक सहयोग देने की अपील की।

बारात से लेकर लंगर और स्वास्थ्य सुविधाओं तक जिम्मेदारियां तय

बैठक में समारोह से जुड़े विभिन्न प्रबंधों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। विवाह समारोह में शामिल होने वाली बेटियों और उनके परिवारों की सुविधा, बारातों के स्वागत, लंगर एवं खान-पान, विवाह की रस्मों, स्टेज प्रबंध, यातायात, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं संबंधी जिम्मेदारियां तय की गईं। मेयर रामपाल उप्पल ने कहा कि सर्व नौजवान सभा की ओर से जरूरतमंद बेटियों के सामूहिक विवाह करवाने की परंपरा लंबे समय से जारी है और इस प्रयास से अनेक परिवारों को राहत मिली है। उन्होंने समाज के समर्थ वर्ग से ऐसे लोक-भलाई के कार्यों में आगे आकर योगदान देने की अपील की। प्रिंसिपल गुरमीत सिंह पलाही ने भी सभा के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों के विवाह को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी समझकर आगे आना समय की जरूरत है।

35 वर्षों से जारी है सेवा का सिलसिला :  सुखविंदर सिंह

सभा के प्रधान सुखविंदर सिंह ने बताया कि सर्व नौजवान सभा पिछले 35 वर्षों से लगातार जरूरतमंद बेटियों के सामूहिक विवाह करवाती आ रही है। उन्होंने कहा कि इस बार भी समारोह को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभा के पदाधिकारियों और सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने दानी सज्जनों, एन.आर.आई. भाइयों, समाज सेवियों तथा क्षेत्रवासियों से इस कार्य में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि सभा का उद्देश्य केवल विवाह की रस्म पूरी करवाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को यह एहसास करवाना है कि उनकी बेटियों की खुशी में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि एक बेटी का विवाह, कई परिवारों की खुशी का संदेश है और इस सामाजिक अभियान को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों के सहयोग की जरूरत है। बैठक में समारोह को सफल बनाने के लिए आपसी तालमेल से काम करने तथा सभी प्रबंध समय पर पूरे करने पर सहमति बनी। सभा की ओर से क्षेत्र की सामाजिक, धार्मिक एवं सेवाभावी संस्थाओं सहित सभी वर्गों से इस कार्य में सहयोग देने की अपील की गई। मंच संचालन लैक्चरार हरजिंदर गोगना ने किया।

इस अवसर पर स्वर्ण सिंह स्वर्ण स्वीट, डा. विजय कुमार महासचिव, रविंदर सिंह राय उपाध्यक्ष, राज संधू कवि, जगजीत सेठ, रणजीत सिंह बेदी, गुरदीप सिंह तुली, परमजीत राय, रमन नेहरा, अनूप दुग्गल, नीरज कुमार, बख्शीश राम सेवानिवृत्त एस.डी.ओ., मैडम आशू बग्गा, मैडम सुखप्रीत कौर, मैडम गुरजीत कौर, मैडम नवजोत कौर, मैडम जसप्रीत कौर सहित बलजीत, सुहानी, मनप्रीत कौर, मनीषा, मानसी, मानवी, हरलीन, निशा, खुशी, अंजली, किरनदीप, मनदीप, ट्विंकल, तनिशा, नेहा, पूजा रानी, मनिंदर, कोमल, संजना और पूजा कुमारी आदि बड़ी संख्या में सेंटर की प्रशिक्षणार्थी लड़कियां एवं सभा से जुड़े सदस्य उपस्थित थे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *