खून-पसीने की कमाई वापस लेने के लिए एकजुट हों निवेशक : गुरदीप सिंह झिक्का
परल कंपनी में अपनी जिंदगी भर की कमाई निवेश करके पैसा गंवा चुके निवेशकों के मुद्दे को लेकर इंसाफ की आवाज संगठन की ओर से 27 सितंबर को लुधियाना में विशाल रोष रैली की जाएगी। इस संबंधी संगठन की जिला शहीद भगत सिंह नगर और जालंधर इकाई की संयुक्त बैठक दोआबा के गांव विरकां में हुई, जिसमें करीब 100 परल निवेशकों ने हिस्सा लिया।
बैठक की अध्यक्षता पंजाब स्टेट के वित्त सचिव एवं दोआबा जोन के इंचार्ज गुरदीप सिंह झिक्का तथा जिला कपूरथला प्रधान डा. परमजीत सिंह फगवाड़ा ने संयुक्त रूप से की। बैठक को संबोधित करते हुए गुरदीप सिंह झिक्का, डा. परमजीत सिंह फगवाड़ा, अमरीक सिंह पठलावा, डा. कुलदीप राज बंगा और स्टेट कमेटी सदस्य लेक्चरार तरसेम पठलावा ने कहा कि निवेशकों को उनकी पूरी राशि वापस मिलनी चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि लोढा कमेटी की ओर से निवेशकों के खातों में ऑनलाइन भुगतान किया जा रहा है, लेकिन निवेशकों को बिना ब्याज राशि वापस किए जाने से उनमें रोष है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रत्येक निवेशक की राशि वापस नहीं होती, संगठन की ओर से संघर्ष जारी रखा जाएगा।
डा. परमजीत सिंह फगवाड़ा ने कहा कि संगठन की ओर से केंद्र सरकार पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है, ताकि 2027 की विधानसभा चुनावों से पहले परल पीडि़तों की राशि उनके खातों में पहुंच सके। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने पीडि़तों का पैसा जल्द वापस नहीं किया तो आने वाले चुनावों में सरकारों का डटकर विरोध किया जाएगा। गुरदीप सिंह झिक्का ने निवेशकों से संगठन के साथ अधिक से अधिक जुडऩे की अपील करते हुए कहा कि ऑनलाइन सदस्य बनकर भी संगठन को मजबूत किया जा सकता है।
डा. कुलदीप राज बंगा ने पोर्टल के माध्यम से सदस्यता लेने और पॉलिसियां अपलोड करने संबंधी जानकारी दी। अंत में डा. परमजीत सिंह फगवाड़ा और गुरदीप सिंह झिक्का ने निवेशकों से 27 सितंबर को लुधियाना में होने वाली विशाल रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
इस अवसर पर कुलवीर सिंह कल्याण, बिमला देवी चक हकीम, सत्या देवी खाटी, डा. कुलविंदर भाखड़ीयाना, डा. ओम प्रकाश दोसांझ कलां, मनजीत कौर मानक, डा. सोढ़ी जगजीतपुर, नरेश कुमार नंगल, मलकीत सिंह खमाचो, निर्मल सिंह औजला सहित अलग-अलग गांवों से करीब 100 संस्था सदस्य मौजूद थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
