विदेशों में बसे पंजाबियों और पंजाब सरकार के बीच बेहतर तालमेल समय की मुख्य जरूरत
धार्मिक एवं सामाजिक नेता मोहन सिंह साईं ने ब्रिटेन के सिख सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी द्वारा पंजाब दौरे के दौरान मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान से की गई मुलाकात को पंजाब के हित में लाभदायक करार दिया है। उन्होंने आज यहां बातचीत के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात का स्वागत करते हुए इसे पंजाब हितैषी और सकारात्मक कदम बताया।
मोहन सिंह साईं ने कहा कि विदेशों में बसे पंजाबियों और पंजाब सरकार के बीच बेहतर तालमेल समय की मुख्य जरूरत है। तनमनजीत सिंह ढेसी लंबे समय से विदेशों में बसे पंजाबियों से संबंधित मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते आ रहे हैं। ऐसे में उनके द्वारा पंजाब दौरे के दौरान मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पंजाब और प्रवासी पंजाबियों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करना सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के बहुत से युवा रोजगार, शिक्षा और बेहतर भविष्य की तलाश में विदेशों का रुख कर रहे हैं। इसलिए पंजाब सरकार और विदेशों में बसे पंजाबी समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच निरंतर संवाद होना जरूरी है। इससे प्रवासी पंजाबियों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जा सकते हैं।
मोहन सिंह साईं ने कहा कि पंजाब के विकास, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने, नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार करने सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि तनमनजीत सिंह ढेसी और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के बीच हुई यह मुलाकात पंजाब और ब्रिटेन ही नहीं, बल्कि अन्य देशों में बसे प्रवासी पंजाबियों के हितों के लिए भी सार्थक परिणाम लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के हित में होने वाले हर सकारात्मक प्रयास का स्वागत किया जाना चाहिए।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
