आजादी दिवस के सरकारी समारोह में हुआ उत्साहवर्धन
फगवाड़ा के सतनामपुरा स्थित अकाल स्टेडियम में आयोजित आजादी दिवस के सरकारी समारोह के दौरान रिंग बीस्ट बॉक्सिंग क्लब फगवाड़ा के होनहार मुक्केबाजों के लिए उस समय गर्व का पल बन गया, जब खेलों के क्षेत्र में अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से क्लब का नाम रोशन करने वाले खिलाडिय़ों को प्रशासन की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस दौरान ए.डी.सी. रणदीप सिंह हीर और एस.डी.एम. मैडम नवजोत शर्मा ने रिंग बीस्ट बॉक्सिंग क्लब के होनहार खिलाडिय़ों को सम्मानित करते हुए उनकी हौसला अफजाई की।
उनके साथ एस.पी. माधवी शर्मा और मेयर रामपाल उप्पल ने भी खिलाडिय़ों को आशीर्वाद दिया।
खिलाडिय़ों को तैयार करने और उनकी खेल प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाने वाले रिंग बीस्ट बॉक्सिंग क्लब के कोच प्रिंस कौल को भी इस अवसर पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कोच प्रिंस कौल द्वारा खिलाडिय़ों को निरंतर प्रशिक्षण देने, उनमें खेल अनुशासन पैदा करने और प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की गई। कोच प्रिंस कौल ने बताया कि प्रशासन की ओर से मिला यह सम्मान खिलाडिय़ों के लिए न केवल गर्व की बात है, बल्कि भविष्य में और अधिक मेहनत करके खेलों के क्षेत्र में नई मंजिलें हासिल करने के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बना है।
उन्होंने बताया कि सम्मानित होने वाले खिलाडिय़ों में अंकित, बिंदिया, भारती, युवराज ताईवाल और अनामिका शामिल हैं। इन खिलाडिय़ों ने खेल के प्रति अपनी लगन, कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ बॉक्सिंग के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन होनहार मुक्केबाजों की उपलब्धियां अन्य युवाओं को भी खेलों की ओर प्रेरित करेंगी और वे आने वाले समय में फगवाड़ा तथा पंजाब का नाम खेलों के क्षेत्र में और ऊंचा करेंगे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
