फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
फगवाड़ा में आयोजित विशाल योग प्रदर्शन मुकाबले के दौरान उपस्थित गणमान्य, योग विशेषज्ञ एवं प्रतिभागी।

* कृष्णा शर्मा व रवनीत कौर ने जीतीं रेंजर साइकिलें

स्वतंत्रता दिवस पर भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, पतंजलि योगपीठ और महिला पतंजलि योग समिति की ओर से सिटी क्लब फगवाड़ा के विशेष सहयोग से विशाल योग प्रदर्शन मुकाबले का आयोजन किया गया।

समारोह में विभिन्न आयु वर्गों के योग प्रेमियों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए योग के विभिन्न आसनों एवं कलाओं का शानदार प्रदर्शन किया।

समारोह के मुख्य अतिथि फगवाड़ा के डिप्टी मेयर श्री विक्की सूद थे। संस्था की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह की शुरुआत में सिटी क्लब फगवाड़ा के उपाध्यक्ष परमजीत खुराना, सचिव धर्मिंदर (टोनी), कैशियर राकेश बांगा सहित क्लब के सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और इसके उपरांत सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान में भाग लिया।

समारोह के दौरान जालंधर से योगपैथी योगा एंड थेरेपी स्टूडियो से पहुंचे योग गुरु एवं वैद्य राम कृष्ण ने योग के विभिन्न लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नियमित योग अभ्यास शरीर को स्वस्थ रखने और कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में सहायक हो सकता है। उन्होंने लोगों को योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

योग विशेषज्ञ डा. योगिनी अनुप्रिया ने विभिन्न योग आसनों के बारे में जानकारी देते हुए उनके सही ढंग से अभ्यास करने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

योग ट्रेनर देव कालिया और मदन मोहन खट्टर ने भी विभिन्न योग आसनों का प्रदर्शन करवाते हुए प्रतिभागियों को योग अभ्यास करवाया।

लुधियाना के एवरेस्ट योगा एंड पाइलेट्स इंस्टीट्यूट से पहुंचे बच्चों करुल त्यागी, आत्मिक त्यागी और समय जिंदल ने शानदार योग प्रदर्शन करके उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। बच्चों की बेहतरीन प्रस्तुति ने खूब वाहवाही बटोरी।

समारोह के दौरान 9 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए विशेष योग प्रदर्शन मुकाबला भी करवाया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

शानदार प्रदर्शन करने वाले कृष्णा शर्मा और रवनीत कौर को संस्था की ओर से रेंजर साइकिलें पुरस्कार के रूप में प्रदान की गईं। गणमान्यों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए ऐसे प्रयासों को युवा पीढ़ी के लिए लाभदायक बताया।

पतंजलि योगपीठ के जिला प्रभारी दीपक खोसला ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य योग को घर-घर तक पहुंचाना है। योग को किसी एक स्थान तक सीमित न रखते हुए हर घर, हर गली-मोहल्ले और हर पार्क तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि योग के प्रचार-प्रसार के लिए किसी भी व्यक्ति या समूह को सहायता की आवश्यकता होगी तो संस्था हर संभव सहयोग देने के लिए हमेशा तैयार रहेगी। दीपक खोसला ने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी अधिक से अधिक लोगों को योग से जोडऩे के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि योग गुरु स्वामी रामदेव जी के दिशा-निर्देशों के अनुसार योग के प्रचार-प्रसार को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

समारोह में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट और पतंजलि योगपीठ की पूरी टीम ने भाग लिया।

इस मौके पर अशोक शर्मा, नंद सोनी, राधा, सलोनी जैन, कीर्ति भट्टर, सुनील चम्म, पूर्व संवाद राज्य प्रभारी परवीन चौकडिय़ा, संजीव त्यागी, ब्रह्मपाल, मधु, भूपिंदर, जीत राम ब्रह्मकुमारी, रमन नेहरा, अगम पाराशर और बोनी शर्मा सहित ब्रह्मकुमारी आश्रम से सुमन दीदी, राधा सरीन एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *