फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
नरेन्द्र दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष नगर निगम रिटायर्ड कर्मचारी यूनियन, फगवाड़ा

फगवाड़ा : वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेलवे सफर में बंद की गई किराए की रियायत को दोबारा बहाल करने की मांग जोर पकडऩे लगी है। नगर निगम फगवाड़ा रिटायर्ड कर्मचारी यूनियन के उपाध्यक्ष नरेंद्र दत्त शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर वरिष्ठ महिलाओं और पुरुषों को रेलवे टिकट में पहले मिलती रही विशेष रियायत को तुरंत बहाल करने की मांग की है।

नरेंद्र दत्त शर्मा ने कहा कि रेलवे द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली यह सुविधा कोविड काल के दौरान वर्ष 2020 में बंद कर दी गई थी। इसके तहत 58 वर्ष की आयु पूरी करने वाली वरिष्ठ महिलाओं को रेल किराए में 50 प्रतिशत तथा 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाले वरिष्ठ पुरुषों को 40 प्रतिशत की रियायत मिलती थी।

उन्होंने कहा कि इस सुविधा के बंद होने से देश के करोड़ों वरिष्ठ नागरिक प्रभावित हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि मोदी है तो मुमकिन है, भाजपा का नारा है तो रेलवे की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली यह रियायत दोबारा शुरु करने में क्या दिक्कत है? क्योंकि यह कोई अनावश्यक सुविधा नहीं थी, बल्कि अपने जीवन के बहुमूल्य वर्ष देश और समाज को देने वाले बुजुर्गों के प्रति सम्मान का प्रतीक थी।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जो पेंशन या सीमित आय पर निर्भर हैं और उनके लिए रेल यात्रा में मिलने वाली रियायत काफी राहत प्रदान करती थी। नरेंद्र दत्त शर्मा ने कहा कि संसद की एक स्थायी समिति भी केंद्र सरकार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेलवे की किराया रियायत बहाल करने की सिफारिश कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

उन्होंने कहा कि यदि इस सुविधा को बहाल करने से रेलवे पर लगभग 1600 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ता है तो देश के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुविधा को देखते हुए सरकार को इसे वहन करने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिला सशक्तिकरण और नारी शक्ति को लेकर किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इसी प्रकार देश के वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए रेलवे किराए में पहले मिल रही रियायत को पुन: लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग देश की संपदा हैं और उन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा देश के निर्माण में लगाया है। ऐसे में उनके लिए उपलब्ध सुविधा को बंद करना उचित नहीं है।

नरेंद्र दत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस संबंध में पत्र भेजकर जनहित में वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेलवे किराया रियायत तुरंत बहाल करने की मांग की गई है। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, अनीता सोम प्रकाश तथा पंजाब भाजपा के प्रधान केवल सिंह ढिल्लों से भी अपील की कि वे इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाते हुए वरिष्ठ नागरिकों के हित में इस सुविधा को दोबारा शुरू करवाने के लिए प्रयास करें।

इस अवसर पर राजकुमार, जनक राज शर्मा, प्रवीण कुमारी, नसीब कौर, अशोक कुमार, रमन अग्रवाल, त्रिलोक सिंह, परमजीत, चैन सिंह, दलबीर सिंह, निरंजन सिंह, बिहारी लाल, रामलाल माली, राम आश्रम, भूरी सिंह और राजू वालिया आदि उपस्थित थे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *