जिलाधीश कपूरथला और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ की बैठक
फगवाड़ा : आम आदमी पार्टी ट्रेड विंग फगवाड़ा के चेयरमैन सुशील बॉबी चम ने हलके के समूह व्यापारियों को भरोसा दिलाया है कि उनकी लंबित मांगों और पेश आ रही समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा।
बॉबी चम ने कपूरथला में डिप्टी कमिश्नर आकाश बांसल के कार्यालय में आयोजित पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमिशन की बैठक में शामिल होने के उपरांत बातचीत करते हुए बताया कि जिला प्रशासन के साथ ट्रेड कमिशन की साप्ताहिक बैठक आयोजित की जाती है।
इस बार की बैठक में स्टेट कमिशन के उप चेयरमैन अनिल ठाकुर, डिप्टी कमिश्नर आकाश बांसल, कमिश्नर नगर निगम अनुपम क्लेर, एस.एस.पी. गौरव तूरा, पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमिशन के जोन सचिव हरिंदर (रिक्की) मनोचा और कंवर इकबाल सिंह, चेयरमैन जिला कपूरथला विशेष रूप से उपस्थित थे।
बैठक के दौरान बाजारों में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं—जैसे आधुनिक बाथरूमों का निर्माण व मरम्मत, सीवरेज संबंधी समस्याओं, पीने के लिए साफ पानी, सडक़ों के निर्माण एवं मरम्मत, बिजली की नीचे लटकती तारों से संबंधित समस्याओं के समाधान तथा अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए कार्य करवाने संबंधी विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय ट्रेडर्स कमिशन द्वारा पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमिशन की अगुवाई में व्यापारियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। इन बैठकों के दौरान व्यापारियों और दुकानदारों की स्थानीय स्तर की समस्याओं का समाधान करवाने के साथ-साथ राज्य स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण फैसले करवाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार व्यापारियों की भलाई, व्यापारिक गतिविधियों को और प्रोत्साहित करने तथा बाजारों के सर्वपक्षीय विकास के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। बॉबी चम्म ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर आकाश बांसल ने कहा है कि पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमिशन के शिकायत निवारण पोर्टल पर व्यापारियों द्वारा उठाए गए मामलों के समाधान के लिए फंडों की कोई कमी नहीं है।
संबंधित विभागों को पंजाब सरकार से वित्तीय सहायता की आवश्यकता वाले कार्यों के लिए तुरंत प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया है कि बिजली की लटकती तारों, सौंदर्यीकरण और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए जिले में आवश्यक फंड उपलब्ध हैं।
यदि किसी को भी कोई समस्या, शिकायत या सहायता की आवश्यकता हो तो वह जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 01822-233777 पर संपर्क करके अथवा स्वयं कार्यालय में आकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है।
एस.एस.पी. श्री गौरव तूरा ने भी व्यापारियों को पेश आ रही ट्रैफिक की समस्या के समाधान के लिए स्थानीय व्यापारियों के साथ बातचीत करके स्थायी और उचित समाधान निकालने का बैठक दौरान भरोसा दिया। साथ ही उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिला पुलिस व्यापारियों की अमन-शांति एवं सुरक्षा तथा हर संभव सहायता के लिए वचनबद्ध है।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
