फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔

अकाली-भाजपा गठजोड़ की शीघ्र घोषणा के दिए संकेत

फगवाड़ा, 26 अगस्त (दिग्विन्द्र राणा): पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के प्रति जनता में लगातार बढ़ रहे असंतोष का जिक्र करते हुए फगवाड़ा के पूर्व मेयर एवं भाजपा नेता अरुण खोसला ने अकाली-भाजपा गठजोड़ के शीघ्र ऐलान के प्रबल संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब राजनीतिक बदलाव की आहट स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगी है। जनता सरकार की वादाखिलाफी, प्रशासनिक नाकामी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था से परेशान है तथा आने वाले समय में एक मजबूत, अनुभवी और विकासपरक राजनीतिक विकल्प की अपेक्षा कर रही है।

अरुण खोसला ने कहा कि पंजाब के हितों और सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने के लिए शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक एकजुटता हमेशा महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच राजनीतिक स्तर पर जो सकारात्मक वातावरण बन रहा है, उससे पंजाब में एक मजबूत विकल्प के रूप में नई राजनीतिक दिशा तैयार होने की उम्मीद है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी हाईकमान के निर्णयों का पूरी निष्ठा से पालन करेगा। पूर्व मेयर खोसला ने कहा कि पंजाब और फगवाड़ा की जनता के हित में पार्टी नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, भाजपा कार्यकर्ता उसे पूरी मजबूती के साथ जमीन पर लागू करने के लिए तैयार हैं।

खोसला ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के प्रति जनता का मोहभंग हो चुका है और कांग्रेस भी प्रदेश में सत्ता में वापसी के सपने देख रही है, लेकिन पंजाब की जनता अब केवल राजनीतिक दावों से प्रभावित होने वाली नहीं है। जनता विकास, सुरक्षा, बेहतर प्रशासन और सामाजिक भाईचारे के आधार पर अपना फैसला करेगी।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव पंजाब की दिशा और दशा तय करने वाले महत्वपूर्ण चुनाव होंगे। भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं और पार्टी हाईकमान के मार्गदर्शन में पंजाब को फिर से खुशहाल, सुरक्षित और विकास की पटरी पर लाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *