फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
फगवाड़ा-होशियारपुर रोड पर सडक़ के बीचो-बीच बने बड़े गड्ढे से बचकर गुजरता वाहन

फगवाड़ा के जीटी रोड फ्लाईओवर पर माता चिंतपूर्णी चौक मार्ग की खस्ताहाल सड़क वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है। इस मुख्य मार्ग से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं और यह सड़क 24 घंटे व्यस्त रहती है। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति को सुधारने की दिशा में प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही।

राहगीरों, क्षेत्रवासियों और दुकानदारों ने बताया कि लंबे समय से सड़क पर बने गहरे गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। इस खस्ताहाल सड़क के कारण कई बार वाहन चालक हादसों का शिकार हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

क्षेत्रवासियों ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान के विकास संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस विकास की मुख्यमंत्री साहब बात करते हैं, वह टूटी सड़कों और गड्ढों में ही कहीं दिखाई नहीं दे रहा। लोगों का कहना है कि सरकार को बड़े-बड़े विकास के दावों के साथ-साथ आम जनता की रोजमर्रा की मूलभूत समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जीटी रोड से जुड़ा यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है और हर समय वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क की खराब हालत किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

दुकानदारों और राहगीरों ने रोष जताते हुए कहा कि संबंधित अधिकारियों को सड़क की हालत के बारे में पूरी जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? लोगों ने कहा कि हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय उससे पहले ही सड़क की मरम्मत करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

क्षेत्रवासियों और दुकानदारों ने संबंधित विभाग व प्रशासन से मांग की है कि माता चिंतपूर्णी चौक मार्ग की तत्काल जांच करवाकर सड़क की स्थायी मरम्मत करवाई जाए। उन्होंने कहा कि गड्ढों को केवल मिट्टी या मलबे से भरकर खानापूर्ति करने के बजाय सड़क की पक्के तौर पर मरम्मत की जानी चाहिए, ताकि रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को राहत मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।

विभागीय अथवा रक्षा बंधन की व्यस्तताओं के चलते किसी प्रशासनिक अधिकारी या जनप्रतिनिधि का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। लेकिन हलका सांसद डा. राजकुमार चब्बेवाल के पी.ए. जसपाल सिंह ने भरोसा दिया कि सासंद महोदय के संज्ञान में लाकर शीघ्र समस्या का समाधान करवा दिया जायेगा।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *