फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔

फगवाड़ा : रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। ऐसे में इस पावन अवसर पर सड़क सुरक्षा को लेकर भी प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होने की जरूरत है। रोजाना होने वाले सड़क हादसों से बचने के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। यह बात जाने-माने समाजसेवी डॉ. रमन शर्मा ने कही।

डॉ. शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन पर बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र और सुखी जीवन की कामना करती है। ऐसे में हर भाई का भी यह फर्ज बनता है कि वह सड़क पर वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरते और सुरक्षित अपने घर लौटे। उन्होंने कहा कि राखी का वादा केवल रक्षा करने का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी से वाहन चलाकर अपनों को चिंता से दूर रखने का भी होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी के साथ सड़कों पर वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हर दिन बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल, स्कूटर, कार और अन्य वाहन सड़कों पर उतर रहे हैं, जिसके चलते यातायात व्यवस्था के सामने नई चुनौतियां पैदा हो रही हैं। ऐसे में अपनी और दूसरों की जान की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है।

डॉ. रमन शर्मा ने वाहन चालकों से अपील की कि हमेशा निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाएं, क्योंकि तेज रफ्तार सड़क हादसों का प्रमुख कारण बनती है। कार चलाते समय सीट बेल्ट और दोपहिया वाहन चलाते समय ISI मार्क वाला हेलमेट जरूर पहनें।

उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने या मैसेज टाइप करने से बचना चाहिए, क्योंकि कुछ सेकंड की लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसी तरह शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के प्रभाव में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है।

उन्होंने वाहन चालकों को रेड लाइट पर वाहन रोकने, ओवरटेक करते समय और मोड़ पर इंडिकेटर का इस्तेमाल करने तथा आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में उचित दूरी होने से दुर्घटना की संभावना काफी कम हो जाती है।

डॉ. शर्मा ने पैदल राहगीरों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क पार करने के लिए जैब्रा क्रॉसिंग, फुटओवर ब्रिज या सबवे का इस्तेमाल किया जाना चाहिए तथा चलते समय फुटपाथ का प्रयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वाहन चलाने से पहले उसके ब्रेक, टायर और लाइटों की नियमित जांच जरूर करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि बहुमूल्य जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।

डॉ. रमन शर्मा ने रक्षाबंधन के अवसर पर लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस बार राखी के साथ “सुरक्षित सफर और सुरक्षित घर वापसी” का संकल्प भी लें। उन्होंने कहा कि जब एक भाई सुरक्षित घर लौटता है तो उसकी बहन, माता-पिता और पूरा परिवार चैन की सांस लेता है। इसलिए सड़क पर संयम, सतर्कता और जिम्मेदारी से वाहन चलाना ही अपनों के प्रति सच्ची जिम्मेदारी है।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *