फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
एल.पी.यू. में आयोजित अशोक जैन मेमोरियल जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप के समापन समारोह के दृश्य।

फगवाड़ा। कपूरथला जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू), फगवाड़ा में आयोजित अशोक जैन मेमोरियल जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का सोमवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हुआ।

इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के साथ-साथ सीनियर और वेटरन्स वर्ग के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डा. जगपाल सिंह संधू ने मुख्य अतिथि के रूप में समागम की गरिमा बढ़ाई, जबकि पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष अनुपम कुमरिया विशेष अतिथि और आत्मा चैनल, लुधियाना के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर अमन जैन तथा एलपीयू के डीन डा. सोरभ लखनपाल ने गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाई।

मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों ने विभिन्न वर्गों के विजेताओं एवं उपविजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाडिय़ों को निरंतर मेहनत करते हुए जिला स्तर से आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कपूरथला का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कपूरथला जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित जैन ने सभी अतिथियों, खिलाडिय़ों, अभिभावकों, अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य जिले में बैडमिंटन को और मजबूत करना तथा युवा खिलाडिय़ों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध करवाना है।

एसोसिएशन के सचिव मलकीयत सिंह रगबोत्रा और वित्त सचिव राजीव जैन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में जतिंदर सरदाना, देव पुरी, गगनदीप सिंह, नोबल जसप्रीत, सागर, प्रणव जैन, मनन जैन, नीरज बंसल और नवीन बेदी सहित खिलाड़ी, कोच, अधिकारी, अभिभावक और बैडमिंटन प्रेमी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के प्रमुख मुकाबलों में पुरुष एकल वर्ग में सॉवराज ने पहला स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि शिवम पुरी उपविजेता रहे। पुरुष युगल में सॉवराज और शिवम पुरी की जोड़ी विजेता रही, जबकि मनप्रीत सिंह और ओंकार सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया। महिला एकल में दीक्षा विजेता तथा विधि उपविजेता रहीं।

अंडर-19 लड़कियों के एकल वर्ग में दीक्षा ने पहला और जपनीत कौर ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि लडक़ों के एकल में शिवम पुरी विजेता और पार्थ कुमार उपविजेता रहे। लड़कियों के युगल में आर्नवी और दीक्षा तथा लडक़ों के युगल में सुमनप्रीत सिंह और उदयवीर की जोड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-17 लड़कियों के एकल का खिताब आर्नवी तथा लडक़ों के एकल का खिताब सुमनप्रीत सिंह ने जीता। अंडर-15 लड़कियों के एकल में शान्या और लडक़ों के एकल में रेयांश विजेता रहे। अंडर-13 लड़कियों के एकल में शानाया तथा लडक़ों के एकल में मेधांश ने जीत दर्ज की। अंडर-11 लड़कियों के एकल में रहतमान विर्दी तथा लडक़ों के एकल में शिवांश विजेता रहे।

वेटरन्स वर्ग के पुरुष एकल 35+ में डा. मनिंदर दिहाना ने खिताब जीता, जबकि निशाद उपविजेता रहे। पुरुष युगल 35+ में डा. मनिंदर दिहाना और मोहित मेहान की जोड़ी विजेता तथा गुरबिंदर सिंह और निशाद की जोड़ी उपविजेता रही। समापन अवसर पर आयोजकों ने कहा कि यह चैंपियनशिप महज एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि कपूरथला जिले की बैडमिंटन प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने और भविष्य के बेहतर खिलाडिय़ों को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। सफल आयोजन के साथ चैंपियनशिप ने खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों के बीच सकारात्मक संदेश छोड़ा।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *