* हरियाली एवं स्वच्छता से शुद्ध रहता है पर्यावरण : तारा चंद चुंबर

फगवाड़ा। जी.आर.डी. को-एजुकेशनल कॉलेज, फगवाड़ा में ईको क्लब द्वारा कॉलेज की डायरेक्टर एजुकेशन डा. नीलम सेठी के नेतृत्व तथा प्रिंसिपल गुरजीत कौर की देखरेख में बड़े उत्साह के साथ वन महोत्सव मनाया गया। इस दौरान ईको क्लब के विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया, जबकि एन.एस.एस. यूनिट के विद्यार्थियों ने गांव खाटी में लगाने के लिए कुछ पौधे अपनाए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को सम्मुख रखते हुए अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें कालेज कैंपस की सफाई के अलावा बायोडिग्रेडेबल, रिसाइकल योग्य तथा नॉन-रिसाइकल योग्य कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन खरीदकर कॉलेज में स्थापित किए गए। विद्यार्थियों द्वारा वृक्षों के महत्व संबंधी प्ले-कार्ड तैयार किए गए तथा स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। समारोह में विशेष रूप से पहुंचे जी.आर.डी. एजुकेशनल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष तारा चंद चुंबर तथा वित्त सचिव बी.एस. बागला ने विद्यार्थियों को वृक्षों का महत्व बताया और उन्हें उनकी पसंद के पौधे घरों में लगाकर देखभाल करने के लिए प्रदान किए। उन्होंने कहा कि हरियाली और स्वच्छता से पर्यावरण शुद्ध बना रहता है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा सुंदर वातावरण मन को भी शांति प्रदान करता है। डा. नीलम सेठी ने ग्लोबल वार्मिंग पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पहाड़ों पर मिट्टी खिसकने और भारी तबाही का एक बड़ा कारण जंगलों का शहरीकरण तथा पेड़ों की अंधाधुंध कटाई है। उन्होंने कहा कि वृक्षों की जड़ें पहाड़ी मिट्टी को भूस्खलन (लैंड स्लाइड) से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रिंसिपल गुरजीत कौर ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ईको क्लब का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी कॉलेज स्तर पर इस प्रकार के पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे।
