जीटी रोड फ्लाईओवर के नीचे हर साल जलभराव की समस्या से जूझते हैं लोग : बंटी वालिया

* कहा: घातक बिमारियों का खतरा, दुर्घटनाओं की भी संभावना

बंटी वालिया कांग्रेस पार्षद

फगवाड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग-1 पर जेसीटी मिल और मॉडल टाउन के मध्य बने फ्लाईओवर के नीचे हर वर्ष बरसात के मौसम में होने वाला जलभराव एक बार फिर लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। बरसात का मौसम शुरू होते ही स्थानीय लोगों को आशंका सताने लगी है कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी फ्लाईओवर के नीचे कई-कई दिनों तक पानी जमा रहेगा और आने-जाने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इस समस्या को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए नगर पार्षद तरनजीत सिंह बंटी वालिया ने कहा कि समस्या कोई नई नहीं है। वर्षों से हर बरसात में फ्लाईओवर के नीचे पानी भर जाता है और कई हफ्तों तक वहीं खड़ा रहता है। जब तक पानी अपने आप नहीं सूख जाता, तब तक प्रशासन की ओर से उसे निकालने के लिए शायद ही कोई ठोस प्रयास दिखाई देता है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल राहगीरों को उठानी पड़ती है। लोग गाड़ी खरीदते समय रोड टैक्स अदा करते हैं, लेकिन बावजूद इसके सडक़ पर दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है, बरसात में जलभराव डेंगू मच्छरों और बीमारियों को भी बढ़ावा देता है। विडंबना यह है कि चुनावी दौर हो या किसी विकास कार्य की चर्चा, लगभग हर सरकार और क्षेत्र के बड़े राजनेता इस फ्लाईओवर के निर्माण का श्रेय लेने में पीछे नहीं रहते। कोई इसे अपनी उपलब्धि बताता है तो कोई अपने प्रयासों का परिणाम। लेकिन सवाल यह है कि जिस फ्लाईओवर का श्रेय लेने की होड़ रहती है, उसके रखरखाव और उसके ऊपर-नीचे उत्पन्न होने वाली समस्याओं की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? उन्होंने कि विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसकी नियमित देखरेख और जनता को आने वाली परेशानियों का समाधान भी उतना ही आवश्यक है। कांग्रेस पार्षद तरनजीत सिंह बंटी बलिया ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए फ्लाईओवर के नीचे जलभराव रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य, सडक़ सुरक्षा और यातायात की सुचारु व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस पुरानी समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से नियमित जल निकासी की व्यवस्था करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो, इसके लिए वैज्ञानिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की भी मांग की। इस दौरान उन्होंने एन.एच.ए.आई. से भी मांग कर कहा कि टोल टैक्स वसूलने के साथ ही फ्लाई ओवर के ऊपर उगी घास-बूटी और गंदगी की सफाई की तरफ भी ध्यान दिया जाये।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top