📰 फगवाड़ा, पंजाब और देश-दुनिया की अन्य सभी बड़ी खबरों के लिए
🔴 यहाँ क्लिक करके D-News Watch के मुख्य पृष्ठ (Home) पर जाएँजे.सी.टी. मिल फगवाड़ा व होशियारपुर को दोबारा चालू करने की मांग; मजदूरों को कॉलोनी से बेदखल न करने की भी की अपील
फगवाड़ा। जे.सी.टी. इंटक यूनियन फगवाड़ा के प्रधान धर्मेन्द्र ने जे.सी.टी. मिल फगवाड़ा और होशियारपुर के मजदूरों की लंबे समय से बकाया पड़ी पी.एफ. की राशि का भुगतान दिवाली से पहले करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मजदूर पहले ही गंभीर आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं और यदि उन्हें बनती पी.एफ. की राशि समय पर मिल जाती है तो यह त्योहार के मौके पर उनके लिए बड़ा आर्थिक सहारा साबित होगी।
जे.सी.टी. इंटक यूनियन के नेता ने कहा कि इस संबंध में पंजाब सरकार और पी.एफ. विभाग की ओर से कई बार भरोसे दिए जा चुके हैं। इंटक यूनियन के पंजाब प्रधान सुरिंदर शर्मा के नेतृत्व में कुछ समय पहले पी.एफ. कमिश्नर से भी मुलाकात की गई थी, जहां उन्हें बताया गया था कि पी.एफ. के भुगतान संबंधी मामला प्रोसेसिंग में है और जल्द ही बनती राशि जारी कर दी जाएगी।
धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि अब दिवाली का त्योहार सिर पर है, इसलिए मजदूरों के पी.एफ. का भुगतान बिना किसी और देरी के करवाया जाए। उन्होंने कहा कि जे.सी.टी. मिल के हजारों मजदूर और उनके परिवार लंबे समय से आर्थिक मुश्किलों से जूझ रहे हैं। घरों में बुजुर्गों की दवाइयों, बच्चों की पढ़ाई और अन्य घरेलू खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे हालात में मजदूरों को उनकी अपनी जमा पूंजी मिलने से बड़ी राहत मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि इस मामले संबंधी आम आदमी पार्टी के सांसद डा. राज कुमार चब्बेवाल, हलका इंचार्ज फगवाड़ा की ओर से भी पी.एफ. का भुगतान जल्द करवाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन अभी तक मजदूरों को बनती राशि का भुगतान नहीं हो सका। उन्होंने मांग की कि अब सिर्फ भरोसों की बजाय मजदूरों के खातों में उनकी बनती पी.एफ. की राशि जल्द से जल्द डाली जाए।
जे.सी.टी. मिल को बंद या बेचने की बजाय दोबारा चालू किया जाए
उन्होंने जे.सी.टी. मिल फगवाड़ा और होशियारपुर की मिल को बंद करने की बजाय दोबारा चालू करने की भी जोरदार मांग की। उन्होंने कहा कि जे.सी.टी. मिलों के साथ हजारों मजदूरों और उनके परिवारों की जिंदगी जुड़ी हुई है, इसलिए इन्हें किसी भी कीमत पर बंद नहीं होने दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार खुद जे.सी.टी. मिलों को चलाए या किसी ऐसे कारपोरेट संस्थान को सौंपे जो फगवाड़ा और होशियारपुर की मिलों को दोबारा चला सके, लेकिन मिलों को दोबारा चालू करके मजदूरों के लिए रोजगार के अवसर बहाल किए जाने चाहिए।
मजदूरों को कॉलोनी से बेदखल न करने की अपील
इंटक प्रधान धर्मेन्द्र के साथ मौजूद रहे मजदूर परिवारों ने पंजाब सरकार से अपील की कि मिलों की कॉलोनियों में मजदूर लंबे समय से अपने परिवारों सहित रह रहे हैं। इसलिए मिल को दोबारा चालू करने के साथ-साथ कॉलोनी में रह रहे मजदूरों और उनके परिवारों को बेदखल करने की कोई कार्रवाई न की जाए। उन्होंने कहा कि पहले ही आर्थिक संकट का सामना कर रहे मजदूरों के सिर से छत छीन लेना उनके लिए और बड़ी मुश्किल पैदा करेगा। इस मौके पर दलीप कुमार, कुसुम कुमारी, प्रीति देवी, सुरजीत कुमार, राजीव चौबे, उमा देवी सरपंच, शिव कुमार आदि उपस्थित थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
📰 फगवाड़ा, पंजाब और देश-दुनिया की अन्य सभी बड़ी खबरों के लिए
👉 यहाँ क्लिक करके D-News Watch के मुख्य पृष्ठ (Home) पर जाएँ
