नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री मोदी का घेराव करने जा रहे जिला यूथ कांग्रेस प्रधान को पुलिस ने किया डिटेन

* सत्ता के नशे में बेसुध केंद्र सरकार को जगाना हमारा मकसद : अगम पराशर

* केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की रखी मांग

चित्र : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घेराव के लिए जाते हुए यूथ कांग्रेस के जिला प्रधान अगम पराशर को डिटेन करती पुलिस।

नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित घेराव हेतु जा रहे यूथ कांग्रेस के जिला प्रधान अगम पराशर को पुलिस ने डिटेन कर लिया। इस दौरान पुलिस और यूथ कांग्रेस नेताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। मौके से प्राप्त जानकारी के अनुसार यूथ कांग्रेस ने आज जिला प्रधान अगम पराशर के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचने के दौरान विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। लेकिन जैसे ही सुबह करीब 11 बजे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मेहटां बाईपास स्थित कोनिका रिजॉर्ट के निकट एकत्र हुए, तभी एस.पी. फगवाड़ा माधवी शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गईं। इस दौरान उन्होंने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढऩे से सख्ती के साथ रोक दिया। कुछ देर की नोकझोंक के बाद एस.पी. के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज अमन कुमारे जिला यूथ कांग्रेस प्रधान अगम पराशर को डिटेन कर ट्रैफिक चेक पोस्ट ले गए। वहां उन्हें करीब छह घंटे तक बैठाए रखा। शाम लगभग पांच बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा शांतिपूर्वक एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न होने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए अगम पराशर ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मामले ने देश के लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का भरोसा हिला कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बचाने के बजाय केंद्र सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस का उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव पैदा करना नहीं, बल्कि सत्ता के नशे में बेसुध हो चुकी केंद्र सरकार को जगाना है, ताकि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं के कारण देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अगम पराशर ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी नहीं बनाया जाता, तब तक यूथ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। जिला यूथ कांग्रेस प्रधान ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य किसी भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने युवाओं की भावनाओं की अनदेखी की तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर यूथ कांग्रेस के जिला महासचिव इंद्रदीप वालिया, प्रदेश सचिव तरन नामधारी, अजय पाठक, हलका प्रधान कुंदन राजपूत, साहिल वोहरा, शहरी ब्लॉक प्रधान तथा ग्रामीण ब्लॉक प्रधान लखवीर रानीपुर सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top