* पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सुनीं व्यापारियों की समस्याएं
आप ट्रेडर्स विंग फगवाड़ा के चेयरमैन बॉबी चम द्वारा व्यापारियों एवं कारोबारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सराय रोड स्थित शनि मंदिर के निकट 12वां कैंप लगाया गया। इस दौरान एस.डी.एम. डा. नवजोत शर्मा, डी.एस.पी. पलविंदर सिंह, थाना सिटी की एस.एच.ओ. अमनप्रीत कौर, मार्केट कमेटी के चेयरमैन तविंदर राम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों एवं दुकानदारों की समस्याएं सुनीं। कैंप के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारियों और दुकानदारों ने अपनी समस्याएं वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखीं। कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं का पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से शीघ्र समाधान करवाने का भरोसा दिया गया। मार्केट कमेटी के चेयरमैन तविंदर राम ने बॉबी चम द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की भरपूर सराहना करते हुए कहा कि उनका यह अभियान छोटे व्यापारियों और दुकानदारों के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध हो रहा है। उपस्थितों को संबोधित करते हुए बॉबी चम ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार जनता की अपनी सरकार है। हलका इंचार्ज डा. राजकुमार चब्बेवाल के नेतृत्व में जनता की समस्याओं को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है तथा युद्ध स्तर पर लोगों की कठिनाइयों का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब में यह पहली सरकार है, जिसके दौरान सरकारी अधिकारी स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर उनके मुद्दों का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ऐसे प्रयास भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि व्यापारी वर्ग की अधिक से अधिक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके। सभी दुकानदारों एवं व्यापारियों ने बॉबी चम के इस प्रयास की प्रशंसा की। इस अवसर पर राकेश ओहरी, जगमोहन, मदन लाल, रविंदर सिंह शेरगिल, सतीश बंटी, बंटी वालिया सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारी, दुकानदार एवं गणमान्य उपस्थित थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.