फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔

शिरोमणि अकाली दल (बादल) के विधानसभा हलका फगवाड़ा (शहरी) इंचार्ज एवं इंडस्ट्री एंड व्यापार विंग पंजाब की प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य सरदार रणजीत सिंह खुराना ने पंजाब सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल की सरकार के समय पंजाब के लोगों को विकास कार्यों के लिए ग्रांटों की सौगात मिलती थी, जबकि आज भगवंत मान सरकार के शासन में अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण ढंग से संघर्ष कर रहे लोगों को लाठियां और धक्के मिल रहे हैं। सरदार खुराना ने कहा कि पिछले कुछ समय के दौरान अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे अध्यापकों पर लाठीचार्ज किया गया, मनरेगा कर्मियों के साथ धक्कामुक्की की गई और अब बरनाला में सफाई सेवकों पर जिस प्रकार बेरहमी से लाठीचार्ज किया गया है, वह बेहद निंदनीय है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के पूरी तरह विपरीत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी जायज मांगें शांतिपूर्ण ढंग से सरकार के समक्ष रखने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन वर्तमान सरकार हर आवाज को दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण किसान, कर्मचारी, मजदूर, युवा, व्यापारी और आम लोग अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। खुराना ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल हमेशा पंजाब के प्रत्येक वर्ग की आवाज बनकर खड़ा रहा है और आगे भी लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के बाद जैसे ही सरदार सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (बादल) की सरकार बनेगी, किसानों, कर्मचारियों, मजदूरों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, युवाओं, महिलाओं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए जनहितैषी नीतियां प्राथमिकता के आधार पर लागू की जाएंगी। प्रत्येक वर्ग की जायज मांगों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और पंजाब को पुन: विकास एवं खुशहाली की राह पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने विधानसभा हलका फगवाड़ा के समस्त निवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे शिरोमणि अकाली दल के हाथ मजबूत करें, ताकि वर्ष 2027 में एक बार फिर पंजाब में लोगों की लोकप्रिय शिरोमणि अकाली दल (बादल) की सरकार स्थापित की जा सके।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *