* 15 अगस्त तक समाधान का दिया अल्टीमेटम
बहुजन समाज पार्टी फगवाड़ा के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज विधानसभा हलका प्रधान चिरंजी लाल काला तथा हलका इंचार्ज लेखराज जमालपुर के नेतृत्व में एसडीएम फगवाड़ा डा. नवजोत शर्मा को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एक यूनिवर्सिटी द्वारा पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप (पीएमएस) योजना के नियमों के कथित उल्लंघन, अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के साथ कथित धक्केशाही तथा इस मामले में बनती कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। बसपा नेताओं ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी द्वारा पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना के नियमों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है, जिसके कारण अनुसूचित जाति के सैकड़ों विद्यार्थी अपने संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी द्वारा विद्यार्थियों के स्कॉलरशिप आवेदनों का समय पर सत्यापन एवं अनुमोदन नहीं किया जाता, जबकि विद्यार्थियों पर फीस जमा करवाने के लिए दबाव भी बनाया जाता है। यह सरकार की पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना की भावना तथा सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध है। चिरंजी लाल काला, लेखराज जमालपुर सहित अन्य बसपा नेताओं ने बताया कि यह मामला पहले भी कई बार संबंधित विभागों के ध्यान में लाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण नियमों का उल्लंघन लगातार जारी है। बसपा नेताओं ने मांग की कि संबंधित यूनिवर्सिटी की पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप संबंधी कार्यवाही की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए, सभी लंबित पी.एम.एस. मामलों को तत्काल स्वीकृत कर पात्र विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप का लाभ दिलाया जाए, जांच के दौरान यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों एवं यूनिवर्सिटी प्रबंधन के विरुद्ध बनती कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। साथ ही इस मामले की रिपोर्ट उपायुक्त कपूरथला, निदेशक सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग पंजाब तथा पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग को भेजी जाए तथा भविष्य में किसी भी विद्यार्थी को स्कॉलरशिप के अधिकार से वंचित न रखने के लिए यूनिवर्सिटी को सख्त निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 15 अगस्त तक इस मामले का समाधान नहीं किया गया तो बसपा की ओर से तीव्र संघर्ष शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन एवं पंजाब सरकार की होगी। इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य हरभजन खलवाड़ा, महासचिव राममूर्ति खेड़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह शेरगिल, एडवोकेट कुलदीप भट्टी, परमजीत खलवाड़ा, अरुण सुमन, हनी संधू, बी.के. रत्तु तथा हरदयाल रामपुरा सहित बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.