फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
बातचीत करते हुए श्री गुरु रविदास सेना के प्रदेश अध्यक्ष दिलवर सिंह के साथ लव कुमार एवं अन्य।

श्री गुरु रविदास सेना पंजाब की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष दिलवर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें बरनाला में कच्चे सफाई सेवकों पर पंजाब पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए रोष व्यक्त किया गया। बैठक के पश्चात वार्तालाप में प्रदेश अध्यक्ष दिलवर सिंह ने कहा कि गत दिनों बरनाला में कच्चे सफाई सेवक अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पंजाब पुलिस द्वारा उन पर कथित रूप से अंधाधुंध लाठीचार्ज कर बेरहमी से मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान महिला सफाई कर्मियों के साथ भी दुव्र्यवहार किया गया तथा पुरुष पुलिस कर्मचारियों द्वारा उनके साथ भी मारपीट की गई, जो अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक घटना है। दिलवर सिंह ने कहा कि इस घटना के कारण पूरे पंजाब के सफाई सेवकों के साथ-साथ देश और विदेश में बसे वाल्मीकि तथा रविदासिया समाज में भारी रोष व्याप्त है। सफाई सेवक परिवारों की बहनों और भाइयों के साथ हुए इस कथित अमानवीय व्यवहार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास सेना पंजाब सफाई कर्मचारियों के संघर्ष में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और यदि इस मामले को लेकर प्रदेश स्तर पर कोई भी संघर्ष शुरू किया जाता है तो सेना उसका पूर्ण समर्थन करेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने पंजाब सरकार से मांग की कि सफाई सेवकों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए तथा सफाई कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो समाज को संघर्ष का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव लव कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरभजन चौधरी, रणजीत सिंह, गुरदेव सिंह, मलकीत सिंह, जसविंदर सिंह, कुलविंदर सिंह, परमजीत सिंह, संदीप सिंह, राहुल तथा अमनदीप सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *