सनातन के सम्मान में हर प्रयास का करेंगे समर्थन : इन्द्रजीत करवल
पंजाब सरकार की ओर से पवित्र सावन माह के अवसर पर पूरे प्रदेश में आयोजित किए जा रहे एक शाम शिव के नाम कार्यक्रमों का शिवसेना पंजाब ने स्वागत करते हुए इसे सनातन धर्म के प्रति सम्मान का सकारात्मक कदम बताया है। यह प्रतिक्रिया शिवसेना पंजाब के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष इन्द्रजीत करवल, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश पलटा, पंजाब प्रवक्ता विपन शर्मा तथा सिटी प्रधान अंकुर बेदी ने संयुक्त रूप से व्यक्त की।
शिव सेना पंजाब के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष इन्द्रजीत करवल एवं राजेश पलटा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष संजीव घनौली और प्रदेश चेयरमैन राजीव टंडन के नेतृत्व में शिवसेना पंजाब ने गत वर्ष प्रशासन के माध्यम से पंजाब सरकार को ज्ञापन सौंपकर मांग की थी कि जिस प्रकार अन्य धर्मों के प्रमुख उत्सव सरकारी स्तर पर मनाए जाते हैं, उसी प्रकार सनातन धर्म के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए महाशिवरात्रि पर्व भी राज्य स्तर पर मनाया जाए। करवल ने कहा कि उस समय सरकार ने उनकी मांग पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया था, लेकिन अब सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव को समर्पित कार्यक्रमों का पूरे प्रदेश में आयोजन कराया जाना सराहनीय पहल है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में सरकार सनातन धर्म से जुड़े अन्य प्रमुख पर्वों को भी इसी प्रकार व्यापक स्तर पर मनाने की दिशा में कदम उठाएगी। करवल और पलटा के साथ ही प्रदेश प्रवक्ता विपन शर्मा एवं सिटी प्रधान अंकुर बेदी ने कहा कि कुछ लोग सरकार के इस प्रयास को चुनावी राजनीति से जोडक़र देख रहे हैं, लेकिन यदि किसी भी राजनीतिक दल या सरकार द्वारा निजी हितों के कारण ही सही, सनातन हिन्दू देवी-देवताओं के सम्मान में ऐसे आयोजन किए जाते हैं तो उसका स्वागत किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिवसेना पंजाब ऐसे प्रत्येक प्रयास में हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। शिवसेना नेताओं ने प्रदेशभर के शिव भक्तों तथा हिन्दू धार्मिक संगठनों से अपील की कि वे सरकार की इस पहल का खुले मन से स्वागत करें और कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने आग्रह किया कि श्रद्धालु अपने परिवारों सहित इन आयोजनों में पहुंचकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट करें तथा सामाजिक और धार्मिक एकता का संदेश दें। शिव सेना नेताओं ने कहा कि सनातन धर्म के ध्वज को ऊंचा उठाने के लिए जो भी राजनीतिक दल अथवा सरकार सकारात्मक प्रयास करेगी, शिवसेना पंजाब उसका खुले मन से स्वागत करते हुए हर संभव सहयोग देती रहेगी।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.