फगवाड़ा मौसम ➔ SENSEX/NIFTY: ▲ लाइव ➔ USD/INR ➔ आज का पंचांग ➔
फगवाड़ा में वार्तालाप के दौरान भगत सिंह वेलफेयर सोसायटी के प्रधान शिव शर्मा एवं अन्य पदाधिकारी।

फगवाड़ा। भगत सिंह वेलफेयर सोसायटी के प्रधान शिव शर्मा ने कहा कि 28 सितंबर को शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के जन्मदिवस पर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी, लेकिन फगवाड़ा में शहीद भगत सिंह के नाम पर मौजूद एकमात्र चौक का नामकरण आज भी विवाद में होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जब तक इस मामले का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक केवल समारोह आयोजित कर शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि देने का कोई औचित्य नहीं है। शिव शर्मा ने कहा कि भगत सिंह वेलफेयर सोसायटी की ओर से सरकार और संबंधित अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं। सोसायटी लगातार यह मांग उठाती आ रही है कि फगवाड़ा के इस चौक का नाम आधिकारिक रिकॉर्ड में भी शहीद भगत सिंह चौक के रूप में दर्ज किया जाए और इस विवाद का स्थायी समाधान किया जाए।

शिव शर्मा ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले फगवाड़ा नगर परिषद की ओर से गोल चौक का नाम शहीद भगत सिंह चौक रखने संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया था। उस समय यह मामला राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधीन आने के कारण वहां नाम का बोर्ड लगाने के लिए संबंधित मंजूरी का विषय सामने आया, जिसके चलते चौक पर आधिकारिक बोर्ड नहीं लगाया जा सका। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद भी समय के साथ कुछ संगठनों की ओर से इस नामकरण को लेकर आपत्तियां उठाई गईं, जिसके चलते मामला विवाद का रूप लेता गया। आज स्थिति यह है कि जिस शहीद के नाम पर चौक का नाम रखने का प्रस्ताव करीब दो दशक पहले पारित किया गया था, उसी नाम को लेकर अभी तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

शिव शर्मा ने कहा कि एक तरफ शहीद भगत सिंह के जन्मदिवस और शहीदी दिवस पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्हें पंजाबियों का गौरव और देश का महान शहीद बताया जाता है, लेकिन दूसरी तरफ जब उनके नाम पर चौक के नामकरण का सवाल सामने आता है तो कई संगठन इस मुद्दे पर चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह किसी एक राजनीतिक दल, संगठन, धर्म या समुदाय की संपत्ति नहीं हैं। वह पूरे पंजाब और देश के लोगों के साझा गौरव हैं। इसलिए फगवाड़ा में उनके नाम से जुड़े इस मुद्दे को किसी विशेष संगठन या समुदाय के साथ जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

शिव शर्मा ने कहा कि कुछ संगठनों द्वारा इस चौक के नामकरण को लेकर आपत्ति जताई जाती रही है, लेकिन इस पूरे मामले को केवल हिंदू संगठनों अथवा किसी एक वर्ग की मांग या आपत्ति के रूप में देखना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह का सम्मान पूरे पंजाबियों और देशवासियों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि फगवाड़ा के लोगों की भावनाएं इस मुद्दे के साथ जुड़ी हुई हैं। इसलिए सरकार और प्रशासन को राजनीतिक या संगठनात्मक दृष्टिकोण से ऊपर उठकर इस मामले का स्थायी समाधान करना चाहिए। शिव शर्मा ने कहा कि सोसायटी की ओर से पिछले दो वर्षों के दौरान इस संबंध में कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं। अब जरूरत इस बात की है कि सरकार इस मामले में स्पष्ट निर्णय लेकर आधिकारिक रिकॉर्ड में चौक के नाम को लेकर स्थिति साफ करे, ताकि हर वर्ष शहीद भगत सिंह के जन्मदिवस और शहीदी दिवस पर केवल श्रद्धांजलि समारोह ही न हों, बल्कि उनके नाम और सम्मान से जुड़े लंबित मामलों का भी समाधान हो। इस अवसर पर गुरबख्श सिंह शेरा, जसविंदर सिंह सांभा, राहुल शहरी और डेविड निक्का कोसला सहित अन्य उपस्थित थे।


Discover more from D-News Watch

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *