मांग: बरनाला लाठीचार्ज के आरोपित डीएसपी की बर्खास्तगी
फगवाड़ा। म्यूनिसिपल सफाई कर्मचारी यूनियन की ओर से अध्यक्ष जोगराज के नेतृत्व में सोमवार को एसडीएम नवजोत शर्मा को एक मांग पत्र सौंपा गया। मांग पत्र के माध्यम से बरनाला में सफाई सेवकों पर हुए लाठीचार्ज के दोषी डीएसपी को बर्खास्त करने की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू करने की बात कही गई है। इस दौरान भाजपा नेता महेंद्र थापर ने घोषणा की कि वह सफाई सेवकों के संघर्ष के समर्थन में 4 अगस्त, मंगलवार को सुबह 10 बजे नगर निगम कार्यालय, फगवाड़ा के बाहर आमरण अनशन शुरू करेंगे, जो सफाई सेवकों की मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा। दूसरी ओर, हड़ताल में शामिल नगर निगम क्लेरिकल यूनियन के अध्यक्ष मनजीत कुमार, चेयरमैन दीपक सहजपाल तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरविंदर पाल ने कहा कि क्लेरिकल यूनियन भी सफाई सेवकों के संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार नगर निगम कर्मचारियों की जायज मांगों की लंबे समय से अनदेखी कर रही है। इस दौरान सफाई सेवकों के समर्थन में पहुंचे वाल्मीकि समाज के गणमान्यों कृष्ण कुमार हीरो, धर्मवीर सेठी, सतपाल मट्टू, सतीश सल्होत्रा तथा रोशन लाल सेठी ने कहा कि बरनाला में सफाई सेवक महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के साथ पुलिस द्वारा की गई कथित बर्बरता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग की कि लाठीचार्ज का नेतृत्व करने वाले डीएसपी को तत्काल नौकरी से बर्खास्त किया जाए तथा हड़ताल पर बैठे सभी नगर निगम कर्मचारियों की मांगों को स्वीकार कर चल रहे आंदोलन का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि आम जनता को भी राहत मिल सके। इस अवसर पर योगराज नाहर, रवि सेठी, विशाल सल्होत्रा, सनी सेठी, पप्पू वाल्मीकि सहित अन्य उपस्थित थे।
Discover more from D-News Watch
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
